Breaking News

गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में टैगोर की अमृतसर यात्रा पर विशेष कार्यक्रम

अमृतसर, 18 नवंबर(राजन):गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के इतिहास विभाग की ओर से रूसा 2.0 के सहयोग से ‘रवींद्रनाथ टैगोर और उनकी अमृतसर यात्रा : एक ऐतिहासिक जानकारी’ विषय पर विशेष व्याख्यान करवाया गया। इस दौरान विद्वानों ने रवींद्रनाथ टैगोर के पंजाब और अमृतसर से जुड़े ऐतिहासिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक संबंधों के बारे में जानकारी दी। यह कार्यक्रम श्री अमृतसर साहिब के 450वें स्थापना वर्ष को समर्पित था।

यह कार्यक्रम यूनिवर्सिटी के उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। उनके नेतृत्व और लगातार सहयोग से यूनिवर्सिटी में पढ़ाई, शोध और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। इस मौके पर डॉ. मनु शर्मा ने आए हुए विशेषज्ञों, अध्यापकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों का स्वागत किया।

पहले व्याख्यान में डॉ. एस.एस. सोहल ने रवींद्रनाथ टैगोर के अमृतसर से संबंधों के बारे में बताया। उन्होंने विशेष रूप से अप्रैल 1919 में जलियांवाला बाग हत्याकांड के बाद टैगोर की ओर से ब्रिटिश सरकार की ‘नाइटहुड’ की उपाधि वापस करने के फैसले के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टैगोर के जीवन का यह महत्वपूर्ण पहलू इतिहास की पुस्तकों, लेखों, समाचार पत्रों और अकादमिक चर्चाओं में बहुत कम सामने आया है। इस विषय पर और शोध करने की जरूरत है, ताकि इतिहास से जुड़ी इन महत्वपूर्ण बातों को लोगों तक पहुंचाया जा सके।

दूसरे व्याख्यान में डॉ. आसा सिंह घुम्मण ने टैगोर के सिख धर्म और पंजाब से संबंधों के बारे में अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि टैगोर ने अपनी रचनाओं में सिख परंपराओं और सिख इतिहास से जुड़े विषयों को भी जगह दी। उन्होंने पंजाबी भाषा और संस्कृति में भी रुचि दिखाई। डॉ. घुम्मण ने टैगोर परिवार, ब्रह्म समाज और श्री हरिमंदिर साहिब से जुड़े ऐतिहासिक संबंधों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन विषयों पर आगे और शोध किया जा सकता है।

दोनों विद्वानों के व्याख्यानों से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को टैगोर के पंजाब के साथ साहित्यिक और सांस्कृतिक संबंधों को समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के अंत में सहायक प्रोफेसर डॉ. हरनीत कौर ने धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी विशेषज्ञों, उप-कुलपति, विभागाध्यक्ष, अध्यापकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद किया। 

” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें

https://chat.whatsapp.com/D2aYY6rRIcJI0zIJlCcgvG

About amritsar news

Check Also

गुरु नानक देव विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को देश के प्रमुख वैज्ञानिक संस्थानों से जोड़ने के लिए प्रयासरत

अमृतसर, 10 नवंबर(राजन): उच्च शिक्षा को उन्नत अनुसंधान, नवाचार और रोजगार के नए अवसरों से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *