
अमृतसर, 10 नवंबर(राजन): उच्च शिक्षा को उन्नत अनुसंधान, नवाचार और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व में विद्यार्थियों को देश के प्रमुख वैज्ञानिक एवं अनुसंधान संस्थानों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट एवं करियर एनहांसमेंट निदेशालय द्वारा भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी), मुंबई के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों की विशेष उपस्थिति में ‘परमाणु ऊर्जा विभाग (डीएई) और भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) में करियर की संभावनाएं’ विषय पर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया।
श्री अमृतसर साहिब के 450वें स्थापना वर्ष को समर्पित इस सेमिनार में इंजीनियरिंग, साइंस और लाइफ साइंस संकायों के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत के प्रमुख परमाणु अनुसंधान एवं विकास संस्थानों में उपलब्ध करियर के अवसरों से परिचित करवाना था। इस अवसर पर बीएआरसी, मुंबई की वैज्ञानिक डॉ. डिंपल दत्ता, साइंटिफिक ऑफिसर-एच और डॉ. रनीता बसु, साइंटिफिक ऑफिसर-एफ ने मुख्य वक्ताओं के रूप में शिरकत की।
सेमिनार के दौरान डॉ. डिंपल दत्ता और डॉ. रनीता बसु ने परमाणु ऊर्जा विभाग की कार्यप्रणाली, अनुसंधान गतिविधियों और युवा स्नातकों के लिए उपलब्ध विभिन्न करियर एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इंजीनियरिंग स्नातकों और साइंस के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कोर्स (ओसीईएस), डीएई ग्रेजुएट फेलोशिप स्कीम (डीजीएफएस), डीएई डॉक्टोरल फेलोशिप स्कीम (डीडीएफएस) और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) जैसे कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने इन कार्यक्रमों की पात्रता, चयन प्रक्रिया और उच्च स्तरीय अनुसंधान के अवसरों पर भी प्रकाश डाला।
प्लेसमेंट एवं करियर एनहांसमेंट निदेशालय के निदेशक डॉ. अमित चोपड़ा ने कहा कि उप-कुलपति के नेतृत्व में निदेशालय अकादमिक शिक्षा, उद्योग और वैज्ञानिक क्षेत्र के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे विशेष सेमिनार विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित सरकारी एवं वैज्ञानिक संस्थानों के विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और बेहतर करियर अवसरों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।
सेमिनार के अंत में प्रश्न-उत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बीएआरसी के वैज्ञानिकों से सीधे बातचीत की और चयन प्रक्रिया, साक्षात्कार की तैयारी तथा करियर से जुड़े अपने सवालों के जवाब प्राप्त किए।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News