
अमृतसर,20 मई (राजन): पंजाब पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम और अमृतसर देहाती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर 4 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। आईजी बॉर्डर रेंज मोनीश चावला और एसटीएफ के एआईजी रछपाल सिंह ने पत्रकार वार्ता में कहा कि पकड़े गए सभी आरोपियों के तार लुधियाना ब्लास्ट से मिले हुए हैं। इतना ही नहीं, इन सभी आरोपियों ने 4 बार बॉर्डर पार से विस्फोटक आईईडी भी मंगवाया था।

आईजी मोनीश चावला ने बताया कि एसटीएफ ने 16 मई को सर्वजीत सिंह निवासी धनोए खुर्द और लखबीर सिंह निवासी चक मिश्री खान को केंद्र की एक एजेंसी की इनपुट पर गिरफ्तार किया था। अगले ही दिन इनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने एक नाबालिग को भी हिरासत में ले लिया। नाबालिग से जब पुलिस ने पूछताछ शुरू की तो तीन अन्य आरोपियों के नाम सामने आए। जिनमें से एक धनोए खुर्द निवासी सविंदर सिंह भोला, चक अल्ला बख्श निवासी दिलबाग सिंह उर्फ बाग्गो और धनोए खुर्द निवासी हरप्रीत सिंह हैप्पी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनसे 500-500 ग्राम के दो पैकेट हेरोइन के बरामद किए थे। आरोपी दिलबाग ने हैरान करने वाले खुलासे किए। आईजी बॉर्डर रेंज ने बताया कि लुधियाना ब्लास्ट में प्रयोग हुए आईईडी को दिलबाग ने ही सीमा पार से मंगवाया था। दिलबाग ने यह आईईडी अगले ही दिन सुरमुख सिंह उर्फ सम्मू निवासी पंज कलाल अमृतसर को दे दी थी। जिसने इस खेप को लुधियाना ब्लास्ट में मारे गए गगनदीप सिंह को हैंडओवर किया था। सुरमुख सिंह पहले से ही जेल में था और पुलिस अब उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है।पुलिस के अनुसार दिलबाग ने पाकिस्तान से चार आईईडी (IED) मंगवाई थीं। जिनमें से एक तो लुधियाना ब्लास्ट में प्रयोग हो गई थी और अन्य को पुलिस ने जनवरी व फरवरी में लावारिस स्थिति में बरामद किया था। चुनावों से पहले अटारी के समीप धनोए खुर्द के बाहर मोड़ पर पड़ी आईईडी भी इसी खेप का हिस्सा थी।
Amritsar News Latest Amritsar News