
अमृतसर,8 जून (राजन):एक जून से रेवेन्यू अधिकारियों की तरफ से शुरू की गई हड़ताल को पंजाब रेवेन्यू आफिसर्स एसोसिएशन ने बुधवार को खत्म कर दी। एसोसिएशन ने कहा कि उनकी पंजाब के माल मंत्री के साथ बैठक हुई, जिसमें अधिकारियों की सस्पेंशन रद्द करने, अधिकारियों की जल्द बहाली का आश्वासन दिया गया। अब नौ दिनों के बाद तहसील वन, टू और थ्री में कामकाज पटरी पर आ जाएगा और लोगों की परेशानी भी खत्म हो जाएगी।हड़ताल के खत्म हो जाने के बाद एसोसिएशन के पंजाब प्रधान गुरदेव सिंह धम ने हड़ताल को समर्थन करने वाली अन्य यूनियनों का आभार जताया। वहीं दूसरी तरफ दो दिन पहले पंजाब सरकार की तरफ से पत्र जारी कर निर्देश दिए गए थे कि काम नहीं तो वेतन नहीं। सरकार ने इस हड़ताल को गैर कानूनी घोषित भी कर दिया था, जिसके पश्चात राजस्व अधिकारियों में भी डर का माहौल बना हुआ था। कुछ दिन पहले होशियारपुर में सब रजिस्ट्रार हरमिदर सिंह, लुधियाना से जीवन गर्ग तथा हरमिदर सिंह सिद्धू ने बिना एनओसी के रजिस्ट्री कर दी थी, जिसके बाद पंजाब सरकार ने इस पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया था। उसी के चलते एक जून से पंजाब रेवेन्यू आफिसर्स एसोसिएशन के बैनर तले हड़ताल कर रही थी।
Amritsar News Latest Amritsar News