
अमृतसर, 11 अक्टूबर :तरनतारन में रविवार देर शाम को पंजाब पुलिस के एएसआई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब वे ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। मृतक एएसआई इकबाल सिंह (55) तरनतारन के नौशहरा पन्नुआन के रहने वाले थे। वह फिरोजपुर में काउंटर इंटेलिजेंस में तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, एएसआई इकबाल सिंह फिरोजपुर में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद शाम करीब 7:30 बजे मोटरसाइकिल से घर वापस जा रहे थे। जब वे नौशहरा से लोहका रोड स्थित पटवारखाने के पास पहुंचे, तो मोटरसाइकिल पर आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से एएसआई की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डीएसपी पट्टी रवि शेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान का पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के इलाके और रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News