Breaking News

श्रीनिवासुलू व बिक्रमजीत चीमा ने भाजपा पदाधिकारियों से की संगठनात्मक बैठकें

अमृतसर,10 जनवरी(राजन):आज भाजपा संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलू तथा भाजपा प्रदेश महासचिव बिक्रमजीत सिंह चीमा अमृतसर कोर कमेटी तथा जिला से लेकर मंडल स्तर तक के पदाधिकारियों से रु-ब-रु होने जिला भाजपा कार्यलय शहीद हरबंस लाल खन्ना स्मारक पहुँचे। भाजपा कार्यालय पहुँचने पर भाजपा अमृतसर शहरी जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ श्रीनिवासुलू तथा बिक्रमजीत सिंह चीमा का पुष्प-गुच्छ व दोशाला देकर स्वागत किया। इसके उपरांत दोनों प्रदेश पदाधिकारीयों ने हरविंदर सिंह संधू की अध्यक्षता में आयोजित जिला से लेकर मंडल स्तर तक के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक का शुभारम्भ दीप प्रजवल्लित कर किया गया। इस अवसर पर मंच पर उनके साथ डॉ. जगमोहन सिंह राजू पूर्व आईऐएस, डॉ. राम चावला, एडवोकेट कुमार अमित आदि उपस्थित थे। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों ने भाजपा कोर ग्रुप के पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जहाँ सबसे पहले बिक्रमजीत सिंह चीमा का सभी पदाधिकारियों के साथ परिचय करवाया गया। प्रदेश पदाधिकारियों ने बैठक में पार्टी के और प्रचार-प्रसार व संगठनात्मक कार्यों में तेजी लाने के लिए उपस्थित पदाधिकारियों से विचार-विमर्श किया तथा उनसे सुझाव भी लिए।

   कार्यकर्त्ता संगठन की रीढ़ की हड्डी 

 

 श्रीनिवासुलू ने बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए जहाँ संगठनात्मक ढाँचे का विश्लेषण किया, वहीं उनकी रही खामियों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश भी जारी किए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर आधारित विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और कार्यकर्त्ता संगठन की रीढ़ की हड्डी हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी की हार-जीत उसके कार्यकर्ताओं की कार्यशैली और मेहनत पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि पंजाब में नगर निगम चुनाव का बिगुल बज चुका है और भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्त्ता निगम चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा पंजाब की सभी निगमों तथा लोकसभा की सभी सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों को चुनाव लड़ाने की रणनीति तैयार की गई है। भाजपा पहली बार अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। भाजपा पहली बार अपने दम पर अमृतसर की सभी नगर निगम वार्डो पर अपने प्रत्याक्षी उतारेगी। जो भी उम्मीदवार चुनाव लड़ना चाहते हैं और अपने क्षेत्र में पूर्ण सक्रिय हैं, संगठन द्वारा उनके क्षेत्रों से फीडबैक लेने के बाद उन्हें चुनाव लड़ने का मौका प्रदान किया जाएगा। उन्होंने संगठन द्वारा बनाई गई नई रणनीति के बारे में कार्यकर्ताओं को जानकारी देते हुए आह्वान किया कि वो अपने-अपने क्षेत्रों में जनता से जुड़े मुद्दों को उठाएं और अगर सरकार व प्रशासन उनकी आवाज नहीं सुनता तो जनता को साथ लेकर पंजाब सरकार और प्रशासन के विरूद्ध धरना-प्रदर्शन भी करें।

भगवंत मान सरकार और प्रशासन में किसी तरह का कोई तालमेल नही

बिक्रम जीत सिंह चीमा ने इस अवसर पर अपने संबोधन में भगवंत मान सरकार की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पंजाब की आर्थिक स्थिति तेजी से दिवालियापन के तरफ बढ़ रही है और इसके बावजूद पंजाब के मुख्यमंत्री रेवड़ियों की तरह चेयरमैनियाँ बाँट कर कर्ज में डूबे पंजाब के खजाने पर अनावश्यक बोझ डाल रहे हैं। आज पंजाब के राजनीतिक हालात भाजपा के अनुकूल हैं। जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, तब से पंजाब में गैंगस्टरों व देश-विरोधी तत्वों का शासन हो गया है। राज्य में रोज़ाना हत्याएं, फिरौतियाँ, लूटपाट आदि की घटनाएं हो रही हैं। पंजाब सरकार और प्रशासन आँखें बंद कर तमाशा देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तो पंजाब सरकार के रवैये के खिलाफ पंजाब के पीसीएस अधिकारियों द्वारा सामूहिक छुट्टी पर जाने का एलान कर दिया है। आईएएस अधिकारियों का विजिलेंस के विरुद्ध एकजुट होना तथा 60 से अधिक आईएएस अधिकारियों के इस्तीफों की घोषणा से स्पष्ट हो चुका है कि भगवंत मान सरकार और प्रशासन में किसी तरह का कोई तालमेल नहीं है। उन्होंने कहा कि आज ऐसा लगता है जैसे पूरा पंजाब धरने पर बैठ गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी के कई जनहितैषी कार्यों से बहुत खुश है। अब पंजाब की जनता ने पंजाब में बीजेपी को सत्ता में लाने का मन बना लिया है तथा वह पंजाब की सभी नगर निगम और लोकसभा सीटों पर बीजेपी को जिताएंगे।

जनता से संबंधित मुद्दों को उठाएं

हरविंदर सिंह संधू ने इस अवसर पर बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों का धन्यवाद करते हुए सभी से आह्वान किया कि सभी पदाधिकारी व कार्यकर्त्ता अपने-अपने ईलाके के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर जनता से संबंधित मुद्दों को उठाएं तथा जनता व कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पंजाब सरकार के विरुद्ध संघर्ष करना पड़े तो पीछे ना हटें। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों पर कार्य करते हुए संगठन को और मज़बूत करने का भी भरोसा दिया।

यह नेता भी मौजूद रहे

इस अवसर पर अमृतसर कोर कमेटी के पूर्व राज्यसभा सदस्य व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलदेव राज चावला, प्रदेश सचिव राजेश हनी, राजिंदर मोहन सिंह छीना, प्रदेश मीडिया सचिव जनार्दन शर्मा, डॉ. राज कुमार वेरका, पूर्व मेयर बख्शी राम अरोड़ा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिल, पूर्व प्रदेश सचिव रीना जेतली, केवल कुमार गिल, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद शर्मा, राजेश कंधारी, सुखमिंदर सिंह पिंटू, डॉ. राम चावला, एडवोकेट कुमार अमित आदि उपस्थित थे।

‘अमृतसर न्यूज़ अपडेटस” की व्हाट्सएप पर खबर पढ़ने के लिए ग्रुप ज्वाइन करें

https://chat.whatsapp.com/D2aYY6rRIcJI0zIJlCcgvG

‘अमृतसर न्यूज़ अपडेटस” की खबर पढ़ने के लिए ट्विटर हैंडल को फॉलो करें

https://twitter.com/AgencyRajan

About amritsar news

Check Also

पंजाब की नगर निकायों के चुनाव में हो रही देरी के मामले में हाईकोर्ट में दायर याचिका पर अब अगली सुनवाई 5 अगस्त को होगी

अमृतसर,25 जुलाई:पंजाब की नगर निकायों के चुनाव में हो रही देरी के मामले में दायर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *