
अमृतसर,6 मार्च (राजन):गुरुनानक देव अस्पताल की लिफ्ट में दो युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। लिफ्ट का दरवाजा खुलने के बाद भी दोनों रुके नहीं, लड़ते-लड़ते बाहर आए। इसी दौरान पास ही स्थित खराब पड़ी लिफ्ट के दरवाजे से टकराए और दोनों ही दूसरी मंजिल से नीचे आ गिरे। इस घटना एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक की स्थिति गंभीर है। मृतक राजबीर सिंह आईटीबीपी का जवान है, जबकि घायल युवक सतिंदर सिंह इंदिरा कॉलोनी का रहने वाला है। सतिंदर सिंह की पत्नी प्रीत कौर की गायनी विभाग में डिलीवरी हुई थी। वहीं राजबीर सिंह का कोई परिचित अस्पताल में दाखिल था। दोपहर तकरीबन एक बजे दोनों बेसमेंट से लिफ्ट पर चढ़े। बताया जा रहा है कि दोनों में पहले से किसी बात को लेकर बहस चल रही थी। लिफ्ट चलते ही दोनों हाथापाई पर उतर आए।
आपस में लड़ाई के दौरान गिरे
जब लिफ्ट दूसरी मंजिल पर पहुंची तो दरवाजा खुला। लड़ते-लड़ते दोनों बाहर आए। इसी दौरान साथ ही लगी पुरानी लिफ्ट के दरवाजे से जा टकराए। इस लिफ्ट का चेंबर खराब होने की वजह से बंद किया गया था। चैंबर न होने की वजह से दरवाजा टूटते ही दोनों बेसमेंट में जा गिरे।राजबीर सिंह सिर के बल पर गिरा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सतिंदर सिंह के हाथों, घुटनों व छाती पर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने ही कोहराम मच गया। दोनों को बाहर निकाला गया।राजबीर के शव को पोस्टमार्टम हाउस रखवा दिया गया, जबकि सतिंदर सिंह का उपचार जारी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सतिंदर सिंह से पूछताछ की, पर उसने सहयोग नहीं किया। सतिंदर यही कहता रहा कि उसे घटना के बाबत कुछ पता नहीं। न ही उसका किसी से झगड़ा हुआ है। पुलिस ने सतिंदर की पत्नी से भी पूछताछ की, उसने भी अनभिज्ञता जाहिर की।
बच्ची ने पुलिस को दी घटना की जानकारी
पुलिस इस मामले में अभी तक कोई सबूत जुटाने के लिए माथापच्ची कर रही थी तभी एक 7 वर्षीय नन्ही बच्ची खुद चलकर पुलिस के पास आई। उसने बताया कि दोनों अंकल लड़ते-लड़ते लिफ्ट से बाहर निकले थे। अचानक दोनों दूसरी लिफ्ट की ओर आ गए। लिफ्ट का दरवाजा खुला तो दोनों ही नीचे गिर गए।बच्ची की जानकारी से पुलिस को ये पता चला की दोनों ही आपस में लड़ रहे थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें