
अमृतसर,4 जनवरी:पंजाब में 6 दिनों से धूप नहीं खिली है। दिन व रात के तापमान में लगभग 5 डिग्री तक का ही अंतर रह गया है। पूरा पंजाब ठंड और कोहरे की चादर में लिपटा है। वहीं मौसम विभाग ने 8 जनवरी तक पंजाब में येलो और आज राज्य के 8 जिलों में धुंध का आरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। बीते 24 घंटों में तापमान में औसतन 2.3 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है। बढ़ती धुंध का असर अब सीधा रेल यातायात पर भी पड़ने लगा है। सुबह रवाना हुई अधिकतर ट्रेनें समय से देरी से चल रही हैं । मौसम विभाग की तरफ से जारी ताजा चेतावनी के अनुसार पंजाब के संगरूर, मानसा, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, लुधियाना, रूपनगर, मोगा में धुंध का ओरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। यहां विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रहने के आसार हैं। वहीं, अन्य राज्य में भी धुंध का येलो अलर्ट है और सभी को सड़क मार्ग का प्रयोग करते हुए सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। वहीं, आज शहीद भगत सिंह नगर सबसे ठंडा शहर रहा है। यहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
9 जनवरी को बदलेगा मौसम
9 जनवरी को मौसम विभाग ने पॉकेट रेन की संभावना जाहिर की है। अगर ऐसा होता है तो धुंध पर इसका भी असर होगा और आने वाले दिनों में धुंध अधिक गहरी हो सकती है। लेकिन लोगों को ड्राई कोल्ड से राहत मिलने वाली है। अभी तक बारिश ना होने के कारण अस्थमा व सांस के मरीजों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेनों पर इसका असर पंजाब में गुरुवार सुबह रवाना हुई ट्रेनों पर भी धुंध का असर दिखने लगा है। अमृतसर या पंजाब के अन्य हिस्सों से रवाना हो रही ट्रेनें समय से देरी से चल रही है। रेलवे विभाग ने भी उनकी आधिकारिक मोबाइल एप्लिकेशन एनटीएस या 139 से जानकारी लेकर ही रेलवे स्टेशन पहुंचने की हिदायत दी है।वहीं एयरपोर्ट से जाने वाले अधिकांश फ्लाइटों ने अपने निर्धारित समय से मामलूसी देरी से उड़ान भरी।
दिन व रात के तापमान में अंतर हुआ कम
बीते माह जहां पंजाब में दिन व रात के तापमान में 15 डिग्री का अंतर देखने को मिल रही था। वहीं अब ये अंतर कम होकर 5 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। जिसके चलते लोगों को ना धूप मिल पा रही है और वे ठंड से ठिठुरने पर मजबूर हो चुके हैं। बीते दिनों भी अमृतसर का अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री, लुधियाना 14.2 डिग्री, जालंधर 13.1 डिग्री
और फरीदकोट 10 डिग्री दर्ज किया गया था। पंजाब में ये तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री कम आंका गया है। अमृतसर शहर के न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है। जिससे न्यूनतम तापमान आज सुबह 4.2 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं आज का अधिकतम तापमान 11 डिग्री के करीब रहने का अनुमान है।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News