
अमृतसर, 31 अक्टूबर(राजन): पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़े खुफिया ऑपरेशन में, पाकिस्तान से जुड़े एक बड़े सीमा पार हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया। पुलिस द्वारा 7 गुर्गों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शमशेर सिंह उर्फ सिमा, अमनदीप सिंह उर्फ बॉबी, बलविंदर सिंह उर्फ काका, गुरदेव सिंह, करणप्रीत सिंह, हरमन सिंह और 1 किशोर, सभी निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इनके पास से 15 अत्याधुनिक पिस्तौल (9 ग्लॉक 9MM पिस्तौल और 6 .30 बोर पिस्तौल) बरामद की गईं।
डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जाँच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से एक पाकिस्तान-स्थित हैंडलर के संपर्क में थे और पूरे पंजाब में अवैध हथियारों की खरीद और आपूर्ति में सक्रिय रूप से शामिल थे।
इस संबंध में पुलिस थाना कैंटोनमेंट अमृतसर में FIR दर्ज की गई है। पूरे नेटवर्क, जिसमें आगे और पीछे के लिंकेज भी शामिल हैं, का पर्दाफाश करने और उसे ध्वस्त करने के लिए आगे की जाँच जारी है।
डीजीपी के मुताबिक सीमा पार हथियार तस्करी नेटवर्क को खत्म करने और पंजाब में अवैध हथियारों और संगठित अपराध के प्रसार पर अंकुश लगाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है।
नाबालिग पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में था
पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि एक नाबालिग, जो पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में था और अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकटवर्ती गांव का निवासी था, हथियारों की खेपें प्राप्त करता था और पंजाब के विभिन्न हिस्सों में आगे सप्लाई करता था। उसे पहले दो पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने कहा कि उक्त नाबालिग से पूछताछ के आधार पर, शमशेर सिंह और अमनदीप सिंह को एक ग्लॉक सहित तीन पिस्तौलों के साथ गिरफ्तार किया गया। ये दोनों आरोपी नाबालिग को हथियारों की डिलीवरी में मदद करते थे। तकनीकी और फॉरेंसिक सुरागों के आधार पर आरोपी बलविंदर सिंह को दो ग्लॉक पिस्तौलों और एक .30 बोर पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया।
सीपी ने बताया कि नाबालिग के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच के दौरान, गुरदेव सिंह की भूमिका भी सामने आई। यह पता चला कि दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से एक साझा पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़े हुए थे। हैंडलर के निर्देश पर उन्होंने अपने स्थानीय साथियों की मदद से हथियारों की डिलीवरी की।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान इस मॉड्यूल के प्रमुख गुर्गे गुरदेव सिंह को करणप्रीत सिंह और हरमन सिंह के साथ गिरफ्तार किया गया और गुरदेव के कब्जे से कुल छह ग्लॉक पिस्तौलें और एक .30 बोर पिस्तौल बरामद की गई। उन्होंने कहा कि आगे की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां व बरामदगियां होने की संभावना है।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News