Breaking News

राज्यपाल ने ‘भवन्स हेल्थ केयर सेंटर ऑन व्हील्स’ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना:’भवन्स हेल्थ केयर सेंटर ऑन व्हील्स’ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में होगा सहायक

अमृतसर, 11 जुलाई (राजन):पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने आज न्यू अमृतसर में भारतीय विद्या भवन द्वारा शुरू किए गए ‘भवन्स हेल्थ केयर सेंटर ऑन व्हील्स’ के अंतर्गत मोबाइल स्वास्थ्य सेवा बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मोबाइल स्वास्थ्य सेवा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निःशुल्क सामान्य स्वास्थ्य जांच तथा दंत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराएगी।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने भारतीय विद्या भवन की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मोबाइल हेल्थ केयर यूनिट है, जिसमें सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं दंत चिकित्सा की सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि इस सेवा का मुख्य उद्देश्य उन जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क पहुंचाना है, जिनकी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंच सीमित है।

राज्यपाल ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी मानवीय संवेदनाओं और मानवतावादी मूल्यों में निहित होती है। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ भाव से की गई सेवा ही सच्ची समाज सेवा है तथा जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना एक महान कार्य है। उन्होंने कहा कि भारतीय विद्या भवन शिक्षा के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी सराहनीय कार्य कर रहा है और यह मोबाइल स्वास्थ्य सेवा अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने लोगों से भी ऐसी समाजसेवी पहलों में बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भवन आश्रय द्वारा शिक्षा के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिक गृह तथा मानसिक दिव्यांगता केंद्र का भी सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। इससे पूर्व राज्यपाल ने भवन आश्रय स्थित वरिष्ठ नागरिक गृह एवं मानसिक दिव्यांगता केंद्र का दौरा कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर भारतीय विद्या भवन के अध्यक्ष अविनाश महेंद्रू ने बताया कि मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के लिए शहर में तीन स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनमें फैजपुरा सरकारी प्राथमिक विद्यालय एवं रंजीत एवेन्यू ब्लॉक के पीछे, गली बांके बिहारी टी-पॉइंट, पन्ना मिल, बटाला रोड तथा भारतीय विद्या भवन-2, गेट नंबर-22 शामिल हैं, जहां प्रतिदिन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दंत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि भारतीय विद्या भवन द्वारा अजनाला के माछीवाला स्कूल की बाढ़ से क्षतिग्रस्त इमारत का लगभग 1.20 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्निर्माण कराया जा रहा है, जिसका कार्य शीघ्र पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ समाज सेवा एवं मानव कल्याण के लिए निरंतर कार्य करना है तथा भविष्य में भी ऐसी जनहितकारी पहल जारी रखी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया ने बच्चों को विशेष रूप से सम्मानित किया। इस अवसर पर भारतीय विद्या भवन की ओर से राज्यपाल का भी विशेष सम्मान किया गया।

इस अवसर पर भारतीय विद्या भवन के अध्यक्ष अविनाश महेंद्रू, ट्रस्टी एस.एन. जोशी, निदेशक डॉ. अनीता भल्ला, अनिल सिंगल, प्राचार्या सोनिया सहदेव, अश्विनी मल्होत्रा, विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, पूर्व मेयर बख्शी राम अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव वी.पी. सिंह, , डीआईजी सुरक्षा जसदेव सिंह, एडीसी (पी) रणधीर सिंह, डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह, पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, संस्था के पदाधिकारी, स्टाफ सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें

https://chat.whatsapp.com/D2aYY6rRIcJI0zIJlCcgvG

About amritsar news

Check Also

पोलिंग स्टेशनों के रेशनलाइजेशन संबंधी डीसी ने राजनीतिक दलों एवं चुनाव अधिकारियों के साथ की महत्वपूर्ण बैठक

अधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ मीटिंग करते हुए डिप्टी कमिश्नर।  अमृतसर, 10 जुलाई(राजन): भारत निर्वाचन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *