
अमृतसर,12 जुलाई:अमृतसर पहुंचे ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय घोटाले के मुद्दे पर कहां की इसकी जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में करवाई जाए। कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देशभर में इस मुद्दे को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही है, क्योंकि यह मामला करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन और चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार और संबंधित पक्ष अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे रहे हैं।
राठौर ने कहा कि राम मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्रतीक है। यदि इससे जुड़े वित्तीय प्रबंधन में किसी भी तरह की गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं तो उनकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होना जरूरी है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राम मंदिर के मुद्दे का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि जब अब वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं तो सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि ऐसे आरोप किसी अन्य राजनीतिक दल पर लगे होते तो केंद्रीय जांच एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो जातीं।
राठौर ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी धर्म के खिलाफ नहीं है, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और पारदर्शिता की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि देश और विदेश में रहने वाले श्रद्धालुओं के मन में उठ रहे सवालों का जवाब मिलना चाहिए।
पंजाब की राजनीति पर बोलते हुए कुलदीप सिंह राठौर ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की मजबूत वापसी होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग बदलाव का मन बना चुके हैं और कांग्रेस को फिर से सत्ता में लाने का फैसला करेंगे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News