
अमृतसर, 17 अगस्त (राजन): पंजाब के जेल मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने आज गुरु नानक मेडिकल कॉलेज, अमृतसर में पंजाब सरकार द्वारा तैयार किए गए 30 बिस्तरों वाले कैदियों के वार्ड का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह नया वार्ड जेलों में बंद कैदियों और हवालातियों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं सुचारू स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में पंजाब सरकार का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि कैदी और हवालाती भी समाज का हिस्सा हैं तथा उन्हें आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस 30 बिस्तरों वाले वार्ड में कैदियों और हवालातियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उपचार के दौरान उनकी स्वास्थ्य देखभाल के साथ-साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे।

जेल मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा जेलों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कैदियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके मानसिक स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। इस संबंध में विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं तथा आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए भी सरकार द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।
डॉ. रवजोत सिंह ने नवनिर्मित वार्ड का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कैदियों और हवालातियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करते समय उपचार की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
केंद्रीय जेल अमृतसर का भी किया दौरा
इसके बाद कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने केंद्रीय जेल अमृतसर का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जेल में बंद कैदियों और हवालातियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं तथा जेल प्रबंधों का जायजा लिया।
डॉ. रवजोत सिंह ने जेल में बंद कैदियों और हवालातियों के साथ बातचीत कर उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं तथा जेल प्रबंधों संबंधी फीडबैक भी प्राप्त किया। उन्होंने उनकी समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैदियों और हवालातियों की जायज आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाए और नियमों के अनुसार उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।
कैबिनेट मंत्री ने जेल अधिकारियों को निर्देश दिए कि जेलों में सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ कैदियों और हवालातियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता, भोजन तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि जेल प्रशासन को और अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाया जा सके।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News