
अमृतसर, 30 अगस्त(राजन): पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश को स्वच्छ, हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए “मिशन क्लीन पंजाब” के तहत अमृतसर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ अजय गुप्ता ने जलियांवाला बाग से अंदुरून शहर में चलाया जा रहा विशेष सफाई अभियान आज दूसरे दिन भी पूरी सक्रियता के साथ जारी रहा। सफाई अभियान चलाने से पहले विधायक डॉ अजय गुप्ता शहीदों की धरती जलियांवाला बाग में अपने साथियों के साथ नतमस्तक हुए।

इस अवसर पर विधायक डॉ अजय गुप्ता ने कहा कि पवित्र शहर अमृतसर को स्वच्छ, हरा-भरा और सुंदर बनाना हमारी प्रमुख प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शहर की सूरत को और बेहतर बनाने के लिए प्रशासन तथा आम आदमी पार्टी की टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि सफाई केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी साझा जिम्मेदारी है। यदि शहरवासी अपने आसपास सफाई रखें और कूड़े को निर्धारित स्थानों पर ही डालें, तो अमृतसर को और अधिक स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।

विधायक डॉ गुप्ता ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि कूड़ा खुले में अथवा सड़कों पर फेंकने के बजाय नगर निगम की डोर टू डोर कूड़ा एकत्रित करने वाली गाड़ियों अथवा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें। इसके साथ ही पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन रहे प्लास्टिक के लिफाफों के इस्तेमाल से भी पूरी तरह परहेज किया जाए।

इस अवसर पर मेयर जितेंद्र सिंह भाटिया ने कहा कि “मिशन क्लीन पंजाब” को सफल बनाने के लिए नगर निगम और आम जनता का सामूहिक सहयोग बेहद जरूरी है। प्रत्येक नागरिक द्वारा किया गया छोटा-सा प्रयास भी हमारे पवित्र शहर अमृतसर को एक स्वच्छ, सुंदर और आदर्श शहर के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के अमृतसर लोकसभा इंचार्ज पार्षद जरनैल सिंह ढोट, आम आदमी पार्टी के ब्लॉक इंचार्ज, वार्ड इंचार्ज, सैनिटेशन अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News