Breaking News

ई-रोल ऑब्जर्वर द्वारा SIR-2026 के तहत मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण संबंधी समीक्षा बैठक एवं पोलिंग बूथों का निरीक्षण

अमृतसर, 6 सितंबर(राजन): जिला अमृतसर में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision—SIR) 2026 के तहत चल रही प्रक्रिया की प्रगति का जायजा लेने के लिए आज जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स, अमृतसर के मीटिंग हॉल, कमरा नंबर 168 में माननीय सचिव, स्टेट ह्यूमन राइट्स कमीशन-कम-ई-रोल ऑब्जर्वर  राजीव प्रशार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर, अमृतसर दलविंदरजीत सिंह, अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल)  पल्लवी मिश्रा,  विधानसभा क्षेत्र अटारी के विधायक  जसविंदर सिंह, चुनाव तहसीलदार राजिंदर सिंह के अलावा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

बैठक के दौरान माननीय ई-रोल ऑब्जर्वर द्वारा SIR-2026 की समग्र प्रगति, विशेष रूप से SIR नोटिस चरण, नोटिसों की तामील, सुनवाई की प्रक्रिया तथा मतदाता पंजीकरण से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।उन्होंने कहा कि SIR का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे तथा कोई भी अयोग्य व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। उन्होंने सभी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (EROs) को निर्देश दिए कि SIR-2026 की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता तथा नियमों का पालन करते हुए पूरी की जाए।

SIR नोटिस चरण की समीक्षा करते हुए  प्रशार ने EROs को निर्देश दिए कि संबंधित मतदाताओं को नोटिसों की समय पर और सही ढंग से तामील सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी योग्य मतदाता को अपना पक्ष रखने के अवसर से वंचित न होना पड़े। उन्होंने कहा कि नोटिसों की सुनवाई के दौरान संबंधित व्यक्तियों को अपना पक्ष रखने का उचित अवसर दिया जाए और सभी मामलों का निपटारा लागू नियमों तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार किया जाए।

बैठक में मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया की भी विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। EROs को निर्देश दिए गए कि मतदाता सूची में नाम शामिल करने, नाम हटाने तथा विवरण में संशोधन से संबंधित आवेदनों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शीघ्र निपटारा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा कि आम लोगों को SIR प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े तथा योग्य मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दावों और आवेदनों का समयबद्ध ढंग से निपटारा किया जाए।

माननीय ई-रोल ऑब्जर्वर ने SIR प्रक्रिया में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की सक्रिय एवं सार्थक भागीदारी पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे SIR के प्रत्येक चरण, विशेषकर नोटिस चरण और नोटिसों की सुनवाई के दौरान सक्रिय रूप से भाग लें तथा मतदाता सूचियों से संबंधित अपने सुझाव, आपत्तियां अथवा अन्य मामले निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित EROs के ध्यान में लाएं।

उन्होंने EROs को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखने तथा SIR एवं मतदाता सूचियों से संबंधित गतिविधियों की प्रगति के बारे में आवश्यक जानकारी समय पर और पारदर्शी ढंग से साझा करने के निर्देश भी दिए।

बैठक के अंत में राजीव प्रशार ने सभी संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों तथा निर्धारित समय-सीमाओं का सख्ती से पालन करते हुए SIR नोटिस चरण, नोटिसों की सुनवाई तथा मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरी प्रक्रिया के दौरान निष्पक्षता, पारदर्शिता तथा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक के उपरांत माननीय ई-रोल ऑब्जर्वर राजीव प्रशार द्वारा जिला अमृतसर के विभिन्न पोलिंग बूथों का दौरा कर SIR-2026 के तहत चल रहे कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया गया। उन्होंने पोलिंग बूथों पर SIR से संबंधित किए जा रहे कार्यों, मतदाताओं को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं तथा मतदाताओं से संबंधित मामलों की प्रक्रिया का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने आम लोगों और मतदाताओं से सीधे बातचीत कर SIR-2026 के तहत चल रही प्रक्रिया के संबंध में उनका फीडबैक भी लिया। उन्होंने मतदाताओं की समस्याओं, सुझावों और SIR प्रक्रिया से संबंधित उनके अनुभवों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

माननीय ई-रोल ऑब्जर्वर ने कहा कि मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण एक महत्वपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया है। इस दौरान प्रत्येक योग्य नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना तथा मतदाता सूचियों को सही, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना सभी संबंधित अधिकारियों की प्रमुख जिम्मेदारी है।

” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें

https://chat.whatsapp.com/D2aYY6rRIcJI0zIJlCcgvG

About amritsar news

Check Also

BLO कैंप 06 सितंबर को सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक लगेंगे:क्लेम और ऑब्जेक्शन 12 सितंबर 2026 तक फाइल किए जा सकेंगे

एडिशनल डिप्टी कमिश्नर  पल्लवी मिश्रा। अमृतसर, 5 सितंबर(राजन):एडिशनल डिप्टी कमिश्नर  पल्लवी मिश्रा ने बताया कि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *