
अमृतसर, 28 सितंबर(राजन):जापान के आइची-नागोया में चल रहे 2026 एशियन गेम्स में गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत और यूनिवर्सिटी का नाम रोशन किया है। यूनिवर्सिटी की अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज आशी चौकसी ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता। वहीं यूनिवर्सिटी के प्रमुख निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में भारतीय टीम के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया।
इन ऐतिहासिक उपलब्धियों पर गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूनिवर्सिटी के खिलाड़ियों का लगातार शानदार प्रदर्शन पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ-साथ यूनिवर्सिटी की ओर से खेलों को दी जा रही निरंतर प्राथमिकता इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार है।

खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए तैयार करने पर जोर
उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह के नेतृत्व में गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी की ओर से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने, उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उच्च स्तर के खेल विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। खेलों के प्रति उनकी दूरदर्शी सोच और खिलाड़ियों को लगातार दिए जा रहे सहयोग से यूनिवर्सिटी का खेल वातावरण और मजबूत हुआ है। इसी का परिणाम है कि यूनिवर्सिटी के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।आशी चौकसी और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी की मजबूत निशानेबाजी परंपरा का हिस्सा हैं। यूनिवर्सिटी के खेल पोर्टल पर दोनों को अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों के रूप में दर्शाया गया है।
पुरुष टीम में चीन को गोल्ड, दक्षिण कोरिया को ब्रॉन्ज
पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और रुद्रांक्ष पाटिल की भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल जीता। चीन ने गोल्ड और दक्षिण कोरिया ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में आशी चौकसी, तिलोत्तमा सेन और विदर्सा विनोद की भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल हासिल किया।
शियन शूटिंग चैंपियनशिप में भी किया था शानदार प्रदर्शन
गौरतलब है कि गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के खिलाड़ियों ने इस साल भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निशानेबाजी में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। 2026 की एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में भी यूनिवर्सिटी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। इस प्रतियोगिता में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में गोल्ड मेडल जीतने के साथ विश्व रिकॉर्ड भी बनाया था।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News