जिला प्रशासन के पालने के माध्यम से अब तक 198 बच्चों की सुरक्षा और देखभाल के लिए किए गए प्रयास : डिप्टी कमिश्नर

अमृतसर, 10 नवंबर(राजन):जिला प्रशासन अमृतसर द्वारा स्थापित पालने में एक बार फिर नवजात बच्ची की किलकारियां गूंजी हैं। गत 5 नवंबर को पालने में एक नवजात बच्ची आई है, जिसके साथ ही अब तक पालने के माध्यम से आए बच्चों की संख्या 198 हो गई है। बच्ची की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा डिप्टी कमिश्नर-कम-प्रधान रेड क्रॉस सोसायटी, अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह, आई.ए.एस. के नेतृत्व में परवती देवी अस्पताल में उसका उपचार और आवश्यक चिकित्सा देखभाल करवाई गई। चिकित्सकीय जांच के बाद बच्ची पूरी तरह स्वस्थ पाई गई।
बच्ची के स्वास्थ्य और सुरक्षित देखभाल के लिए डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने परवती देवी अस्पताल के स्टाफ द्वारा निभाई गई सेवा की सराहना की। चाइल्ड प्रोटेक्शन कमेटी द्वारा बच्ची का नाम सीता रखा गया है।
बच्ची को बेहतर देखभाल, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य प्रदान करने के उद्देश्य से स्वामी गंगा नंद भूरी वाले फाउंडेशन धाम, गांव तलवंडी खुर्द, लुधियाना भेजा गया है। इस अवसर पर श्रीमती हरप्रीत कौर, लेडी प्रधान, रेड क्रॉस सोसायटी तथा श्रीमती पल्लवी मिश्रा, आई.ए.एस., अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल)-कम-सीनियर उप प्रधान, रेड क्रॉस सोसायटी ने बच्ची के अच्छे भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन अमृतसर द्वारा स्थापित पालने के माध्यम से अब तक 198 बच्चों को सुरक्षा और देखभाल प्रदान करने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे के जीवन की रक्षा करना तथा उसे सुरक्षित वातावरण और बेहतर भविष्य के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में नवजात बच्चों को लावारिस छोड़ने की बजाय पालने में छोड़ा जाए, ताकि उनकी जान और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर सैमसन मसीह, कार्यकारी सचिव, रेड क्रॉस सोसायटी, अमृतसर ने भी बच्ची के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि C.A.R.A. के माध्यम से बच्ची की देखभाल और गोद लेने की प्रक्रिया संबंधी अगली कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्ची की सुरक्षा और बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के लिए रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News