
अमृतसर, 27 नवंबर(राजन): जनगणना 2027 के संबंध में लोगों को जागरूक करने तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जनगणना विभाग के सहयोग से आज सुबह गुरु नानक स्टेडियम, अमृतसर में जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) पल्लवी मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इसके अलावा एसडीएम मजीठा शिवांग, एसडीएम अजनाला पियूषा तथा सहायक कमिश्नर, नगर निगम अमृतसर विशाल वधावन भी उपस्थित थे। जनगणना विभाग पंजाब के डिप्टी डायरेक्टर सोनम छेरिंग और सहायक डायरेक्टर स्वदेश प्रताप सिंह ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
यह मैराथन गुरु नानक स्टेडियम से शुरू हुई और नॉवेल्टी चौक, नरूला पैलेस लाइट्स तथा टेलर रोड से होती हुई एलेक्जेंड्रा स्कूल पहुंची। वहां से एथलेटिक्स ट्रैक के माध्यम से वापस गुरु नानक स्टेडियम पहुंचकर मैराथन संपन्न हुई। लगभग तीन किलोमीटर लंबी इस मैराथन में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त पल्लवी मिश्रा ने कहा कि मैराथन आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य लोगों को जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना (Self-Enumeration) और जनसंख्या गणना (Population Enumeration) के महत्व के बारे में जागरूक करना तथा इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाने और जनसंख्या गणना के दौरान जनगणना अधिकारियों को पूर्ण सहयोग देने के लिए प्रेरित किया गया है।
इस अवसर पर जनगणना अमृतसर के मास्टर ट्रेनर राजविंदर सिंह ने जनगणना 2027, स्व-गणना की प्रक्रिया, इसके महत्व तथा जनसंख्या गणना के दौरान नागरिकों की भूमिका के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जनगणना से प्राप्त होने वाले सही और विश्वसनीय आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, सरकारी नीतियों तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की यह पहल जनगणना प्रक्रिया को सुचारू एवं सफल बनाने, लोगों में जागरूकता बढ़ाने तथा प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अंत में जिला प्रशासन ने सभी जिला वासियों से अपील की कि वे जनगणना 2027 में बढ़-चढ़कर सहयोग दें और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News