
अमृतसर, 25 मई : बढ़ती गर्मी को देखते हुए पंजाब सरकार द्वारा सरकारी दफ्तरों का समय 25 मई से सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया था। इसके मद्देनज़र आज पहले ही दिन सभी अधिकारी और कर्मचारी समय पर दफ्तरों में पहुंच गए। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) रुपिंदर पाल सिंह द्वारा आज सुबह जिला प्रबंधकीय परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का दौरा कर अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति भी जांच की ।
कार्यालयों के बदले हुए समय संबंधी जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि पहले ही दिन कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए समय पर अपनी सीटों पर पहुंचकर ड्यूटी निभाई। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के अगले आदेशों तक सरकारी कार्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रहेगा और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इन निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।
उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में लेटलतीफी बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि कोई कर्मचारी देर से आता पाया गया तो उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि इसी प्रकार सेवा केंद्रों का समय भी सुबह 7:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे कार्यालय समय के दौरान अपने कार्य करवाने के लिए पहुंचें और यदि उन्हें किसी प्रकार की कोई कठिनाई आती है तो उसे उच्च अधिकारियों के ध्यान में लाया जाए।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News