
अमृतसर, 3 अगस्त(राजन): नगर निगम ने आज पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 22 के अंतर्गत मोहकमपुरा क्षेत्र में तीन अवैध डेयरियों के विरुद्ध कार्रवाई की । निगम की टीम ने छह पशुओं को जब्त कर गौशाला भेज दिया गया।

नायब तहसीलदार अंगद सिंह की देखरेख में चीफ सेनेटरी अधिकारी जे.पी. बब्बर, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर विजय गिल, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह, सेनेटरी इंस्पेक्टर रविंदर कुमार, पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारियो की टीम ने कार्रवाई की ।

नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने कहा कि नगर निगम ने आवासीय तथा प्रतिबंधित क्षेत्रों में संचालित अवैध डेयरियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसी अवैध डेयरियां न केवल गंदगी फैलाती हैं, बल्कि पर्यावरण को भी प्रदूषित करती हैं तथा लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती हैं। उन्होंने सभी अवैध डेयरी संचालकों से अपील की कि वे अपनी डेयरियों को तुरंत फतेहपुर डेयरी कॉम्प्लेक्स में स्थानांतरित करें, जिसे नगर निगम द्वारा डेयरी गतिविधियों के लिए अधिकृत स्थल के रूप में विकसित किया गया है।
निगम कमिश्नर ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में शहर की सीमा के भीतर कोई भी अवैध डेयरी संचालित होती पाई गई तो उसके विरुद्ध पशुओं की जब्ती, अवैध निर्माणों को ध्वस्त या हटाने, जुर्माना लगाने तथा कानून के अनुसार अन्य कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध डेयरियों के विरुद्ध यह विशेष अभियान शहर के सभी जोनों में लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News