
अमृतसर, 14 अगस्त(राजन): पंजाब सरकार द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शहीद मदन लाल ढींगरा जी के शहीदी दिवस को समर्पित विशेष राज्य स्तरीय समारोह अमृतसर में आयोजित किया जा रहा है। यह राज्य स्तरीय समारोह शहीद मदन लाल ढींगरा यादगारी स्मारक, गोलबाग में आयोजित होगा।
राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने आज विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं शहीद मदन लाल ढींगरा यादगारी स्मारक की संरक्षक लक्ष्मी कांता चावला, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) पल्लवी मिश्रा, एस.डी.एम. अलका कालिया सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा 17 अगस्त को सुबह 10:00 बजे आयोजित किए जा रहे इस राज्य स्तरीय समारोह में राज्य के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा समारोह में विधायकगण तथा अन्य सामाजिक एवं धार्मिक हस्तियां भी शामिल होकर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगी। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति पर आधारित गीत प्रस्तुत किए जाएंगे तथा शहीद मदन लाल ढींगरा जी के जीवन पर आधारित एक नाटक भी प्रस्तुत किया जाएगा।
तैयारियों का जायजा लेते हुए डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यादगारी स्मारक के आसपास साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने जिला वासियों को भी निमंत्रण दिया कि वे 17 अगस्त को सुबह 10:00 बजे गोलबाग स्थित शहीद मदन लाल ढींगरा यादगारी स्मारक पहुंचकर महान देशभक्त को अपना सम्मान एवं श्रद्धांजलि अर्पित करें। इस अवसर पर उन्होंने राज्य स्तरीय समारोह के आयोजन में विशेष योगदान देने के लिए शहीद मदन लाल ढींगरा यादगारी स्मारक के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों का भी धन्यवाद किया।
बैठक में शहीद मदन लाल ढींगरा यादगारी स्मारक के अध्यक्ष डॉ. राकेश शर्मा, मैडम माला चावला, सहायक सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर पाल कौर, एस.पी. सिटी विशालजीत सिंह, ए.सी.पी.सुरिंदर कुमार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News