
अमृतसर, 8 सितंबर(राजन):भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जिला अमृतसर के लिए नियुक्त माननीय ई-रोल ऑब्जर्वर मनजीत सिंह बराड़ की अध्यक्षता में आज जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स, अमृतसर में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR)-2026 के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में चल रही SIR प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा करना तथा इसे भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रभावी ढंग से पूरा करना था।
बैठक में 16-अमृतसर पश्चिमी (एस.सी.), 17-अमृतसर केंद्रीय और 19-अमृतसर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्रों के माननीय विधायकों, संबंधित इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन अधिकारियों (EROs) तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह,अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) शपल्लवी मिश्रा तथा चुनाव तहसीलदार राजिंदर सिंह भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान माननीय ई-रोल ऑब्जर्वर द्वारा जिला अमृतसर में चल रही SIR प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान घर-घर जाकर की जा रही गणना, गणना प्रपत्रों की प्राप्ति एवं डेटा एंट्री, दावों एवं आपत्तियों की प्रक्रिया, बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) की कार्यप्रणाली, राजनीतिक दलों के साथ समन्वय तथा मतदाता सूचियों की शुद्धता एवं अद्यतन सुनिश्चित करने के लिए की जा रही गतिविधियों का जायजा लिया गया।
माननीय ई-रोल ऑब्जर्वर ने संबंधित इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन अधिकारियों एवं चुनाव अधिकारियों को निर्देश दिए कि SIR की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शी, निष्पक्ष, व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। उन्होंने BLOs के कार्यों की निरंतर निगरानी करने तथा पात्र मतदाताओं तक प्रक्रिया से संबंधित जानकारी पहुंचाने के लिए प्रभावी समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधियों ने मतदाता पंजीकरण एवं SIR प्रक्रिया से संबंधित अपने प्रश्न, सुझाव एवं फीडबैक साझा किए। माननीय ई-रोल ऑब्जर्वर ने उनके सुझावों एवं फीडबैक को ध्यानपूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी तथा सभी पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में समावेश सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। माननीय ई-रोल ऑब्जर्वर ने कहा कि SIR का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूचियों को अधिक शुद्ध, पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सभी संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने तथा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्ण पालन करने को कहा |
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News