
अमृतसर, 27 अक्टूबर:पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने तैयारी तेज शुरू कर दी है और अधिकारियों की ट्रांसफर पोस्टिंग को लेकर निर्देश जारी किए हैं। मंगलवार को आयोग ने 5 राज्यों के मुख्य सचिवों को निर्देश दिया कि किसी भी अधिकारी को उसके गृह क्षेत्र में तैनात न किया जाए।
पिछले 4 साल में किसी जिले में 3 साल पूरे कर चुके या निर्धारित तारीख तक 3 साल पूरे कर चुके अधिकारियों को जिले से हटाना होगा। इसके अलावा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े किसी भी अधिकारी को न तो उसके गृह क्षेत्र में और न ही उन सीटों पर तैनात किया जाएगा, जहां वह पिछले विधानसभा चुनाव या उपचुनाव के दौरान तैनात था।
ये आदेश SI से लेकर सीनियर पुलिस अधिकारियों तक, चुनाव सुरक्षा और पुलिस बल की तैनाती से जुड़े अधिकारियों पर लागू होंगे। जारी हुए निर्देशों के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO), सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (ARO), रिटर्निंग ऑफिसर (RO), पुलिस निरीक्षक और SI या उससे ऊपर सीनियर अधिकारियों को उस विधानसभा क्षेत्र या जिले में वापस तैनात नहीं किया जाएगा, जहां वे पिछले विधानसभा चुनाव या उसके बाद हुए उपचुनाव में तैनात थे।
गौरतलब है कि ये आदेश पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए जारी किए गए हैं। पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में फरवरी या मार्च में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल पंजाब में 16 मार्च, गोवा में 13 मार्च, उत्तर प्रदेश में 22 मार्च, उत्तराखंड में 28 मार्च और मणिपुर में 14 मार्च, 2027 को खत्म हो रहा है।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News