
अमृतसर, 28 नवंबर (राजन): मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित देशभर के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को श्री खुरालगढ़ साहिब से जोड़ने के उद्देश्य से चार विशाल शोभा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इन शोभा यात्राओं का मुख्य उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी महाराज की सर्वसाझी शिक्षाओं, पवित्र वाणी तथा समानता, प्रेम और आपसी भाईचारे के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना है।
इन चार शोभा यात्राओं में से एक विशाल शोभा यात्रा 1 दिसंबर को जिला अमृतसर पहुंचेगी। शोभा यात्रा के भव्य स्वागत और आवश्यक प्रबंधों को सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) स. रविंदर सिंह अरोड़ा ने आज विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि यह शोभा यात्रा 30 नवंबर को सुबह जम्मू से शुरू होगी और पठानकोट, गुरदासपुर तथा बटाला से होते हुए 1 दिसंबर को दोपहर बाद अमृतसर पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि शोभा यात्रा 1 दिसंबर की रात को श्री राम तीर्थ स्थित श्री वाल्मीकि तीर्थ स्थल पर विश्राम करेगी। इसके बाद 2 दिसंबर को राम तीर्थ से रवाना होकर तरनतारन, कपूरथला, जालंधर और होशियारपुर से होते हुए 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा संगतों और विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने सभी धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से इस पवित्र कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग देने की अपील भी की।
उल्लेखनीय है कि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा देश के विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों से चार विशाल शोभा यात्राएं निकाली जा रही हैं। पहली शोभा यात्रा 30 नवंबर को वाराणसी (काशी) से शुरू होकर कानपुर, दिल्ली, अंबाला, मोहाली और रूपनगर से होते हुए 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी। दूसरी शोभा यात्रा 2 दिसंबर को फरीदकोट से रवाना होकर फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, शहीद भगत सिंह नगर और गढ़शंकर से होते हुए श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।
तीसरी शोभा यात्रा 1 दिसंबर को बठिंडा से शुरू होकर बरनाला, मानसा, लहरागागा, संगरूर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, मोरिंडा और रूपनगर से होते हुए 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी। वहीं, चौथी शोभा यात्रा 30 नवंबर को सुबह जम्मू से शुरू होकर पठानकोट, गुरदासपुर, बटाला, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर और होशियारपुर से होते हुए 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।
चारों शोभा यात्राओं के 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचने के उपरांत विशाल धार्मिक समागम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा 4 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ होगा और 6 दिसंबर को भोग डाले जाएंगे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News