पुलिस ने माना एक बड़ी उपलब्धि, कहां कि जरूरत पड़ी तो जग्गू भगवानपुरिया को प्रोडक्शन वारंट पर लाएंगे
ऐसी फिरौती मांगने वालों की सीक्रेट सूचना पुलिस को अवश्य दे

अमृतसर,23 अक्टूबर (राजन): शहर के एक नामचीन डॉक्टर से एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगने वाला गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का गुर्गा इंदरप्रीत सिंह कैप्टन निवासी फतेह सिंह कालोनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एडीसीपी डिटेक्टिव जुगराज सिंह ने बताया कि डॉक्टर से एक करोड़ रुपयों की फिरौती मांगने पर पुलिस ने पहले से ही एफ आई आर दर्ज कर ली थी। इसके लिए पुलिस कमिश्नर सुखचैन सिंह गिल द्वारा विशेष टीम का गठन किया था।

पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम द्वारा कार्य कर फिरौती मांगने वाले को गिरफ्तार कर एक बड़ी उपलब्धि प्राप्त की है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर के साथ फोन पर हुई वार्तालाप को पूरी तरह से खंगाला गया। एडीसीपी जुगराज सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के गुर्गे इंदरप्रीत सिंह कैप्टन पर पहले से ही हेरोइन एनडीपीसी एक्ट के 2 केस दर्ज है। इन केसों पर जमानत पर है। जेल में रहते इसके गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया से लिंक स्थापित हुए थे। उन्होंने बताया कि इसे अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड लेकर जांच पड़ताल की जाएगी। जांच दौरान अगर पाया गया कि जग्गू भगवानपुरिया को तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाने की आवश्यकता है तो उसे लाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि पुलिस प्रशासन से कोई भी ऊपर नहीं है। अगर किसी को भी किसी तरह की फिरौती की धमकियां मिलती है तो पुलिस को अवश्य सीक्रेट सूचना दें।
Amritsar News Latest Amritsar News