
अमृतसर,20 अगस्त (राजन): शहर में हुई 62 लाख रुपए की लूट की फर्जी कहानी निकली। पुलिस ने शिकायत करने वाले बाप-बेटा घरिंडा निवासी विकासबीर सिंह और बेटे बख्तावर सिंह को हिरासत में ले लिया है। यह पूरी कहानी बाप विकासबीर ने अपने बेटे के साथ मिलकर अपने जीजा अमरिंदरपाल सिंह रंधावा के सामने जीजा
सर्बजीत सिंह के पैसे हड़पने के लिए रची थी। दरअसल, नगीना एवेन्यू के रहने वाले सर्बजीत सिंह फिलहाल कनाडा में बसे हुए हैं। एसीपी सर्बजीत सिंह ने बताया कि यह 62 लाख रुपए आरोपी विकासबीर के जीजा अमरिंदर के आगे जीजा सर्बजीत सिंह के हैं। सर्बजीत सिंह ने गांव भकना कलां में अपनी 6 किल्ले 3 कनाल जमीन की पावर ऑफ अटर्नी विकासबीर सिंह को दी थी। यह जमीन भकना कलां के गुरसेवक सिंह को बेची गई थी। गुरसेवक सिंह ने 58 लाख रुपए के चेक और 62 लाख रुपए कैश दिया था। इतना कैश देख विकासबीर व बख्तावर के मन में लालच आ गया और पैसे हड़पने के लिए आरोपियों ने पूरी कहानी को रचा।
पुलिस के पड़ताल के जाल में फंसे बाप-बेटा
पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो उन्हें शुरुआत में ही बाप-बेटे पर शक हो गया था।इसके बाद पुलिस ने बताए गए घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। आरोपियों की तरफ से बताई गई इनोवा और सिडान कार कैमरे में नहीं दिखी।इसके बाद पुलिस ने छानबीन आगे बढ़ाई तो पता चला कि यह पैसे आरोपी के जीजा के आगे जीजा के हैं। फिर पुलिस ने गांव भकना कलां के गुरसेवक सिंह से संपर्क साधा। पूर्ण सबूत इकट्ठे करने के बाद पुलिस ने विकासबीर सिंह व बख्तावर से सख्ती से पूछताछ की। जिसमें आरोपियों ने बता दिया कि यह पूरा मामला उनका गढ़ा गया है और पैसे हड़पने की नीयत से आरोपियों ने इस खेल को रचा था। एसीपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल कर उक्त 62 लाख रुपये बाबत पता लगाया जाएगा।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें