
अमृतसर, 9 मार्च:पंजाब के खब्बे राजपूतां गांव में चल रहे फुटबॉल टूर्नामेंट के इनाम वितरण समारोह के दौरान शनिवार रात अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं। जिससे एक नाबालिग की मौत हो गई, जबकि एक फौजी, जो छुट्टी पर आया था, गंभीर रूप से घायल हो गया। मरने वाले बच्चे की पहचान गांव नंगली के गुरसेवक सिंह 14 वर्षीय के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस समय ये घटना हुई, विजेता टीमों को इनाम बांटे जा रहे थे। तभी अचानक गोलियां चलने लगीं, जिससे पूरे समारोह में अफरा-तफरी मच गई। हमले के दौरान गोलकीपर की भूमिका निभा रहा फौजी जवान गुरप्रीत सिंह जाणा (25), पुत्र परमजीत सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। वह भारतीय सेना में कार्यरत था और छुट्टी पर घर आया हुआ था। दूसरी गोली गुरसेवक के लगी।
मृतक तीन बहनों का इकलौता भाई
गुरसेवक सिंह को गोली लगी, उसकी सांसें चल रही थी। वह पास के सरकारी स्कूल में पढ़ता था और अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरसेवक अन्य बच्चों और ग्रामीणों के साथ फुटबॉल मैच देखने गया था। अचानक चली गोलियों में एक गोली उसके पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे,लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव में पसरा मातम
गोलियां लगने से मासूम गुरसेवक सिंह की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया है। उसके माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों का कहना है कि गुरसेवक पढ़ाई में अच्छा था और परिवार का सहारा था।
पुलिस जांच में जुटी
इस गोलीकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। हमलावर घटना को अंजाम देकर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाल रही है
‘अमृतसर न्यूज़ अपडेटस” की व्हाट्सएप पर खबर पढ़ने के लिए ग्रुप ज्वाइन करें