
अमृतसर,24 मार्च (राजन): शहर के उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के साथ लगती 12 ग्राम पंचायतो को नगर निगम अमृतसर में मिलाने का मुद्दा एक बार फिर अटक गया है।आज उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने विधानसभा में यह मुद्दा उठाया। विधायक कुंवर ने कहां कि रामनगर कॉलोनी (एन), प्रीत नगर,आबादी बाबा दीप सिंह एवेन्यू, आबादी दया नन्द नगर, एक रूप एवेन्यू गुमटाला कॉलोनी, चांद एवेन्यू, कमला देवी एवेन्यू नौशहरा, नौसिहरा खुर्द और सिल्वर स्टेट नगर ग्राम पंचायत से मंजूरी लेकर नगर निगम में मिलने के लिए 24 फरवरी 2024 को प्रस्ताव भेजा हुआ है। उन्होंने कहा कि इसकी मंजूरी पंजाब विधानसभा की पंचायती राज कमेटी से 28 मार्च 2024 से ली हुई है। इसे मंजूर करके 12 ग्राम पंचायत को नगर निगम अमृतसर के साथ मिलाया जाए।
नई बनी पंचायतो से दोबारा मंजूरी लेनी होगी
विधायक कुंवर विजय प्रताप के प्रश्न का उत्तर देते हुए लोकल बॉडी मंत्री डॉ रवजोत सिंह ने कहा कि जनवरी 2023 से नगर निगम का हाउस समाप्त हो गया था। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत को नगर निगम में मिलने के लिए नगर निगम हाउस से मंजूरी लेनी आवश्यक होती है। अब 28 जनवरी 2025 को नगर निगम का नया हाउस बन चुका है। लोकल बॉडी मंत्री ने कहा कि इसी बीच ग्राम पंचायत के भी चुनाव हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब नई बनी ग्राम पंचायत से दोबारा प्रस्ताव डालकर मंजूरी लेनी होगी। उसके बाद ही नगर निगम हाउस से मंजूरी लेकर इन ग्राम पंचायत को नगर निगम से मिलाया जा सकता है। इस तरह से यह मामला अब लटक गया है।
पिछली पंचायतो से डले प्रस्ताव का ही प्रोसेस किया जाए
विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने विधानसभा पटल पर कहा कि पिछली ग्राम पंचायतो द्वारा डाले गए प्रस्ताव का ही प्रक्रिया अडॉप्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा की पंचायती राज कमेटी की इस मामले में 28 मार्च 2024 को मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि जब नगर निगम का हाउस नहीं होता, तब नगर निगम का कमिश्नर ही नगर निगम हाउस का प्रभारी होता है। नगर निगम कमिश्नर ही हाउस ना होने के बावजूद नगर निगम का बजट व अन्य मामले हाउस की मंजूरी के लिए पास करते है। इसके लिए वह पहले भी नगर निगम कमिश्नर से बातचीत करते रहे हैं। विधायक कुंवर ने कहा कि इन 12 ग्राम पंचायतो को पानी, सीवरेज और सेनिटेशन की बहुत ही समस्याएं आ रही है। यह सभी 12 ग्राम पंचायतें शहर के साथ ही जुड़ी हुई है। इन पंचायतो की जनसंख्या भी बहुत ही कम है। उन्होंने कहा कि पुरानी प्रक्रिया को अपना कर इन ग्राम पंचायत को नगर निगम के साथ मिलाया जाए। अगर नई प्रक्रिया शुरू की गई तो इसको और भी लंबा समय लग जाएगा।
‘अमृतसर न्यूज़ अपडेटस” की व्हाट्सएप पर खबर पढ़ने के लिए ग्रुप ज्वाइन कर