
अमृतसर, 13 फरवरी(राजन): आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के खिलाफ जिस भाषा का इस्तेमाल किया, वह निंदनीय है। पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता द्वारा की गई दलित विरोधी टिप्पणियां कांग्रेस लीडरशिप की मानसिकता को उजागर करती हैं। इस आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद आज हॉल बाजार गेट से कांग्रेस भवन तक पूरी कांग्रेस लीडरशिप के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।आम आदमी पार्टी (AAP) ने इन बयानों की कड़ी निंदा की और उन्हें मेहनतकश और साधारण परिवारों का अपमान बताया है। इस मामले के विरोध में शुक्रवार का आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कांग्रेस
के खिलाफ प्रदर्शन किया और रोष मार्च निकाला। इसके बाद हाल बाजार में कांग्रेस दफ्तर के बाहर प्रताप सिंह बाजवा का पुतला जलाया।

केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ अजय गुप्ता, विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, विधायक जसबीर सिंह संधू, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट अमृतसर के चेयरमैन एवं उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के इंचार्ज कर्मजीत सिंह रिंटू, सीनियर डिप्टी में प्रियंका शर्मा, आम आदमी पार्टी के पार्षदो और जिला आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियो ने कहा कि आम परिवारों से निकलकर मेहनत और लगन के बल पर लोकतांत्रिक व्यवस्था में आगे बढ़ना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले लोग जनता के समर्थन से विधायक या मंत्री बनते हैं, तो कुछ पारंपरिक दलों के नेताओं को यह स्वीकार नहीं होता ।

आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि राजनीति में शब्दों की मर्यादा अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसी व्यक्ति की जाति, धर्म, पेशे या सामाजिक पृष्ठभूमि को लेकर की गई टिप्पणी न केवल उस व्यक्ति का, बल्कि पूरे समाज का अपमान है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेता पहले भी चुनावी अभियानों के दौरान इसी प्रकार की भाषा का.प्रयोग कर चुके हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हुआ है।

उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं वाला देश है, जहां
परस्पर सम्मान और संवेदनशील संवाद लोकतंत्र की
बुनियाद है। डॉ. निज्जर के अनुसार, अल्पकालिक
राजनीतिक लाभ के लिए की गई बयानबाजी समाज में
विभाजन पैदा करती है और दीर्घकाल में उसका नुकसान संबंधित दल को ही उठाना पड़ता है।

आम आदमी पार्टी के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस नेतृत्व अपने नेताओं की भाषा पर नियंत्रण नहीं रखता, तो पार्टी को इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर उचित जवाब देगी।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News