
अमृतसर, 23 अप्रैल(राजन): पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने तीन आरोपियों को 915 ग्राम आईसीई (मेथामफेटामाइन) और पांच आधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर सीमा पार से नशे और हथियारों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सुख्खा (21), सोला सिंह उर्फ सोनू (29) और करन सिंह (22) के रूप में हुई है, जो सभी फिरोजपुर के गांव साहांके के निवासी हैं। बरामद पिस्तौलों में दो 9 एमएम ग्लॉक और तीन .30 बोर पिस्तौल तथा दो जिंदा कारतूस शामिल हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे और सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी जा रही नशे और हथियारों की खेप प्राप्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आरोपी नशे और अवैध हथियारों की सप्लाई के लिए स्थानीय हैंडलर के रूप में काम कर रहे थे।
डीजीपी ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए मामले में आगे-पीछे के सभी संबंधों की जांच जारी है।
कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए लक्षित ऑपरेशन में पुलिस टीमों ने संदिग्ध सुखविंदर सिंह उर्फ सुख्खा, सोला सिंह उर्फ सोनू और करन सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के दौरान पहले केवल एक .30 बोर पिस्तौल बरामद हुआ था और आरोपियों से पूछताछ के दौरान हुए खुलासों के आधार पर उनके पास से 915 ग्राम आईसीई और चार अन्य पिस्तौल बरामद किए गए।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि फिरोजपुर सेक्टर के घने जंगलों में नशे और हथियारों की खेप फेंकी जा रही थी। आरोपी ऐसे स्थानों से इन खेपों को प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करते थे।
इस संबंध में थाना गेट हकीमा, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22-सी और आर्म्स एक्ट की धारा 25 (6, 7(iii) और 8) के तहत एफआईआर नंबर 105 दिनांक 15-04-2026 को दर्ज की गई है।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News