
अमृतसर, 2 जुलाई:पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक सप्ताह के विपश्यना के लिए बेंगलुरु रवाना हो गए हैं। इस दौरान वह एक निजी प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र में रहकर प्राकृतिक उपचार, योग, ध्यान और विशेष आहार योजना के जरिए स्वास्थ्य लाभ लेंगे। सरकारी सूत्रों के अनुसार, उनकी अनुपस्थिति के बावजूद सरकार का नियमित कामकाज पहले की तरह जारी रहेगा। मुख्यमंत्री पिछले काफी समय से लगातार राजनीतिक कार्यक्रमों, प्रशासनिक बैठकों और सरकारी गतिविधियों में व्यस्त रहे। लगातार यात्राओं और व्यस्त दिनचर्या के चलते उन्हें थकान की शिकायत हुई थी। चिकित्सकों की सलाह पर उन्होंने एक सप्ताह का स्वास्थ्य कार्यक्रम तय किया है।
प्राकृतिक चिकित्सा और विपश्यना पर रहेगा फोकस
बेंगलुरु में मुख्यमंत्री प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के तहत शरीर की शुद्धि, योग, ध्यान और विशेष खानपान का पालन करेंगे। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा। जरूरत के अनुसार उपचार और डाइट प्लान में बदलाव किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान वह विपश्यना और ध्यान सत्रों में भी हिस्सा लेंगे।
रवाना होने से पहले निपटाए जरूरी काम
बेंगलुरु रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने राज्य की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न योजनाओं से जुड़े कार्यों का उद्घाटन किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि उनकी अनुपस्थिति में विकास कार्य प्रभावित न हों। सरकारी सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री की गैरमौजूदगी में भी सभी विभाग सामान्य रूप से काम करेंगे। प्रशासनिक व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ संपर्क में रहकर आवश्यक निर्णय भी लेते रहेंगे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News