Breaking News

अमृतसर में AAP सरपंच के पति की लाश मिली: 2 दिन पहले घर से काम को निकले; सुख औजला ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

मौके पर लोग रोष प्रदर्शन करते हुए।

अमृतसर, 23 सितंबर (राजन):अमृतसर में 2 दिन से लापता आम आदमी पार्टी की सरपंच के पति एवं पूर्व सैनिक कुलजीत सिंह संधू का शव बुधवार को रमदास इलाके से बरामद हुआ। मृतक की पत्नी अजनाला के गांव महिमद मंदरावाला से सरपंच है।.परिजनों के अनुसार कुलजीत सिंह 21 सितंबर की सुबह करीब 10:15 बजे घर से काम के लिए निकले थे। इसके बाद वह नहीं लौटे। परिवार ने उनकी तलाश शुरू की और कई स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन उनका सुराग नहीं मिला। अब रमदास से उनका शव मिलने के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

कांग्रेस नेता एवं सांसद गुरजीत सिंह औजला के भाई सुखजिंदर सिंह ‘सुख’ औजला ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक सरपंच और पूर्व सैनिक की मौत का नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। कुलजीत सिंह की लाश आज सुबह अजनाला के अधीन आते रमदास के गांव रवैल से सड़क किनारे मिली थी जबकि वो पिछले दो दिन से लापता थे।

सुख औजला ने कहा कि कुलजीत सिंह का मोबाइल करीब 14 घंटे तक ऑन था। इस दौरान उसकी लोकेशन अलग-अलग स्थानों पर मिलती रही, लेकिन इसके बावजूद उसे समय रहते ट्रेस नहीं किया जा सका। उन्होंने दावा किया कि मोबाइल की लोकेशन कभी कमालपुर, कभी पंडोरी और कभी कोटरयजादा क्षेत्र में बताई जा रही थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि पुलिस और प्रशासन ने परिवार की शिकायत के बाद गंभीरता से तलाश की होती तो शायद आज परिवार को यह दिन नहीं देखना पड़ता। सुख औजला ने कहा कि आधुनिक तकनीक के दौर में मोबाइल लोकेशन के आधार पर किसी व्यक्ति तक पहुंचना संभव है, इसलिए इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए कि तलाश में देरी क्यों हुई।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ा दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कुलजीत सिंह रमदास तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस आसपास के इलाके में उपलब्ध सुरागों की भी जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें

https://chat.whatsapp.com/D2aYY6rRIcJI0zIJlCcgvG

About amritsar news

Check Also

ASI हरजीत सिंह की हत्या करने वाला शूटर मुठभेड़ में ढेर

अमृतसर, 20 सितंबर :अमृतसर में पंजाब पुलिस के ASI हरजीत सिंह की हत्या करने वाले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *