
अमृतसर, 4 नवंबर : कमिश्नरेट पुलिस और एक हथियारबंद बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने भगोड़े आरोपी आकाशदीप उर्फ आकाश को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि आरोपी आकाशदीप पुलिस जिला बटाला के गांव करदियां का रहने वाला है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 7 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। कोर्ट उसे भगोड़ा घोषित कर चुकी थी। हाल ही में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बटाला में एक मनी एक्सचेंजर की दुकान पर पिस्तौल की नोक पर 2.5 लाख रुपए लूटे थे।
गैंगस्टर अंग्रेज को छुड़ाने की रच रहा था साजिश
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, पूछताछ और खुफिया जानकारी में सामने आया है कि आकाशदीप अपने 4 अन्य साथियों के साथ मिलकर जेल में बंद गैंगस्टर अंग्रेज को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की साजिश रच रहा था। अंग्रेज भोला हत्याकांड और कोट खालसा हत्याकांड समेत करीब 15 आपराधिक मामलों में जेल में बंद है।
आरोपियों की योजना थी कि जब अंग्रेज को कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जाए तो रास्ते में किसी ढाबे पर पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर उसे छुड़ा लिया जाए।
पुलिस पर किए दो फायर, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अमृतसर शहर में सक्रिय है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने आत्मसमर्पण करने की बजाय पुलिस पर 2 राउंड फायर कर दिए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
पिस्तौल, कारतूस और स्कूटर बरामद
पुलिस ने मौके से .32 बोर की पिस्तौल, 2 चले हुए खोल, 3 जिंदा कारतूस और अमृतसर नंबर का एक स्कूटर बरामद किया है। पुलिस स्कूटर के दस्तावेजों की जांच कर रही है। वहीं, आरोपी के बाकी 4 साथियों की पहचान कर ली गई है। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की विशेष टीमें छापेमारी कर रही हैं।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News