Breaking News

मान सरकार ने राज्य की 518 गौशालाओं के 100 करोड़ रुपये से अधिक के बिजली बिल माफ किए: कीमती भगत

अमृतसर, 24 सितंबर(राजन): पंजाब गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष कीमती भगत ने कहा कि पंजाब सरकार गौधन की देखभाल, सुरक्षा और गौशालाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य की 518 गौशालाओं के 100 करोड़ रुपये से अधिक के बिजली बिल माफ किए गए हैं, जिनमें जिला अमृतसर की 14 गौशालाएं भी शामिल हैं।

वे आज जिला प्रशासनिक परिसर, अमृतसर में जिला अधिकारियों और गौशालाओं के प्रबंधकों के साथ बैठक करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद भी किया।

कीमती भगत ने बताया कि घायल गौधन के उपचार एवं देखभाल के लिए पंजाब सरकार द्वारा आयोग की सिफारिश पर 3.6 करोड़ रुपये की लागत से राज्य की गौशालाओं को काऊ लिफ्टर उपलब्ध करवाए गए हैं। इनमें जिला अमृतसर की 14 गौशालाएं भी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा गौशालाओं में रखे प्रत्येक गौधन की देखभाल के लिए प्रतिदिन 61 रुपये देने संबंधी अधिसूचना भी जारी की गई है। जल्द ही इस संबंध में बैठक करके गौशालाओं को यह राशि उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

उपाध्यक्ष ने कहा कि राज्य में लावारिस एवं बेसहारा गौधन की देखभाल, सुरक्षा और बेहतरी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी बेसहारा गौधन सड़कों पर लावारिस न घूमे। उन्होंने कहा कि लावारिस गौधन के कारण जहां किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचता है, वहीं सड़क दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी समस्याओं का खतरा भी बना रहता है।

उन्होंने कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान और गौशालाओं की क्षमता बढ़ाने के लिए वह लगातार विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं तथा उपायुक्तों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठकें कर रहे हैं।

इससे पहले उन्होंने पशुपालन एवं अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक करते हुए सरकारी गौशालाओं के प्रबंधों, गौ-सेस, गौमांस एवं गौ-तस्करी की रोकथाम सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर परिषदों और विभिन्न विभागों के पास एकत्रित गौ-सेस की राशि को गौधन की देखभाल, सुरक्षा और बेहतरी के लिए इस्तेमाल करना सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त गौशालाओं के प्रबंधकों के साथ प्रत्येक तीन महीने बाद बैठक करने तथा सड़कों पर घूम रहे लावारिस एवं बेसहारा गौधन को जल्द से जल्द गौशालाओं में पहुंचाने के प्रबंध करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर उपायुक्त दलविंदरजीत सिंह, उप निदेशक पशुपालन विभाग डॉ. नवराज सिंह संधू, डी.डी.पी.ओ. प्रीतइंदर सिंह सहोता, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद अजनाला दिनेश सूरी, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद जंडियाला अनिल चोपड़ा, वेटरनरी अधिकारी डॉ. पुनीत मल्होत्रा, इंस्पेक्टर मनदीप कौर, ई.टी.ओ. रमन पुरी, डॉ. गीतू सरीन, गौशाला घिओ मंडी के प्रबंधक  अरुण गुप्ता,  अशोक कपूर के अतिरिक्त विभिन्न गौशालाओं के प्रबंधक एवं सेवादार भी उपस्थित थे।

” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें

https://chat.whatsapp.com/D2aYY6rRIcJI0zIJlCcgvG

About amritsar news

Check Also

जनगणना 2027 के दूसरे चरण के लिए फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

अमृतसर, 24 सितंबर(राजन): जनगणना 2027 के दूसरे चरण (चरण-II—जनसंख्या गणना) के तहत फील्ड ट्रेनरों (Field …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *