
अमृतसर, 15 मार्च(राजन): दिल्ली के उपराज्यपाल नियुक्त होने के बाद पहली बार अमृतसर पहुंचे तरनजीत सिंह संधू ने श्री दरबार साहिब तथा शहीदी स्थल गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह जी टाहला साहिब, चब्बा में मत्था टेक कर गुरु का शुक्राना अदा किया, जहां बाबा दर्शन सिंह टाहला साहिब द्वारा उन्हें सिरोपाओ देकर विशेष सम्मानित किया गया। इससे पहले उनके शुक्राने की अरदास ज्ञानी सूरता सिंह द्वारा की गई। इसके उपरांत उन्होंने गुरु का लंगर छका।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उनके दादा सरदार तेजा सिंह समुंदरी ने न केवल गुरुद्वारा सुधार आंदोलन बल्कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी तथा उनके पिता, प्रसिद्ध शिक्षाविद सरदार बिशन सिंह समुंदरी को भी गुरु घर से ही सम्मान प्राप्त हुआ था।

तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि उनके मार्ग में भले ही अनेक चुनौतियां हैं, लेकिन गुरु घर की कृपा से प्राप्त सम्मान को विनम्रता से स्वीकार करते हुए वे हर चुनौती को सेवा और ईमानदारी के साथ पार करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने आगे कहा,“मेरे सिर की दस्तार केवल मेरी पहचान नहीं बल्कि सिख कौम की शान है। इसकी इज्जत, गौरव और मान को और ऊंचा करने के लिए मैं निरंतर प्रयास करता रहूंगा।”
इस अवसर पर पंजाब भाजपा के सचिव सूरज भारद्वाज, परमजीत सिंह पम्मी, पंजाब भाजपा के प्रवक्ता प्रो. सरचंद सिंह ख्याला, पूर्व विधायक हरजिंदर सिंह ठेकेदार, पूर्व चेयरमैन गुरप्रताप सिंह टिक्का, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर अजेवीरपाल सिंह रंधावा, गुरकीरत सिंह, मनिंदरजीत सिंह ठेकेदार, सुखविंदर सिंह तेड़ा, कश्मीर सिंह प्रधान, मैनेजर रणदीप सिंह, बलजीत सिंह बिल्ला, दिलबाग सिंह साई, गुरसेवक सिंह टाहला साहिब, गुरसाहिब सिंह, पलविंदर सिंह भोला संधू, बलजीत सिंह राजू, जसविंदर सिंह और गुरमीत सिंह सुल्तानविंड भी उपस्थित थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News