
अमृतसर,8 अगस्त:अमृतसर के नए पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने पदभार संभालने के बाद पहले ही दिन कमिश्नरेट पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने शहर में अपराध नियंत्रण के लिए अपना एक्शन प्लान स्पष्ट किया ।उन्होंने बताया कि पुलिस का मुख्य फोकस अपराध होने के बाद उसकी जांच करने के बजाय उसे पहले ही रोकने और अपराधियों पर पुलिस की मौजूदगी का दबाव बनाए रखने पर रहेगा।

सीपी हरमनबीर सिंह गिल ने अमृतसर कमिश्नरेट की पीसीआर (PCR) व्यवस्था को नए सिरे से पुनर्गठित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पीसीआर की बीट्स को दोबारा व्यवस्थित किया जाएगा और प्रत्येक बीट के लिए अलग बीट बुक तथा लैमिनेटेड मैप तैयार किए जाएंगे। इन मैप्स में संबंधित बीट के अंतर्गत आने वाले अस्पताल, रेलवे ट्रैक, बैंक, एटीएम, खतरे वाले व्यक्ति और अन्य स्थानों की जानकारी दर्ज होगी। इसके अतिरिक्त, पीसीआर के लिए रेड अलर्ट प्वाइंट्स भी निर्धारित किए जाएंगे।
पुलिस कमिश्नर ने यह भी कहा कि विभिन्न स्थानों पर पीसीआर कर्मचारियों की अचानक चेकिंग करवाई जाएगी। इसका उद्देश्य फील्ड में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करना और अपराधियों पर दबाव बनाए रखना है।
अपराध नियंत्रण के साथ-साथ, सीपी ने भगोड़ों, पैरोल जंपर्स और गंभीर मामलों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी को भी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि अदालतों द्वारा जारी किए गए गैर-जमानती वारंटों की तामील में भी तेजी लाई जाएगी। आगामी 15 अगस्त को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैनाती के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
पुराने और अधूरे मामलों को लेकर भी पुलिस कमिश्नर ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त के बाद जिला स्तर पर क्राइम मीटिंग आयोजित की जाएगी। इस बैठक में अनट्रेस मामलों और 6 महीने से अधिक समय से लंबित जांच वाले मामलों की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान लंबित मामलों को निपटाने और जांच में तेजी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
नव नियुक्त पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने पदभार संभालते ही क्राइम कंट्रोल, PCR की रीवैंपिंग, गैंगस्टरों और फिरौती नेटवर्क पर कार्रवाई, भगोड़ों की गिरफ्तारी, ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार, ड्रोन से होने वाली नशा – हथियार तस्करी पर शिकंजा और पुलिस रिकॉर्ड को मजबूत करने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News