
अमृतसर, 9 अगस्त:अमृतसर की मजिठा रोड थाना पुलिस ने एक डॉक्टर से पिस्टल की नोक पर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले को महज 12 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 51 वर्षीय आरोपी सुखबीर सिंह पुत्र हरी सिंह निवासी भवानी नगर, मजिठा रोड, अमृतसर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारी के अनुसार आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वह इलाके में कुलचे की दुकान चलाता है। पुलिस के मुताबिक घटना 8 अगस्त की सुबह करीब 11:30 बजे की है। डॉक्टर अपने क्लीनिक में मौजूद थे, तभी काले रंग का हेलमेट पहने एक व्यक्ति वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने डॉक्टर पर पिस्टल तानकर सोमवार तक 10 लाख रुपये तैयार रखने की धमकी दी और फिर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने डॉक्टर के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया घटना की सूचना मिलते ही मजिठा रोड थाना पुलिस ने डॉक्टर के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर की एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक एक्टिवा स्कूटर और वारदात में इस्तेमाल किया गया काले रंग का हेलमेट बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भारी कर्ज और आर्थिक तंगी से परेशान था। इसी दबाव के चलते उसने डॉक्टर से फिरौती मांगने की योजना बनाई।
पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई में थाना मजिठा रोड की पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News