
अमृतसर, 14 जून (राजन): मानव बम बनकर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या करने वाले दिलावर सिंह बब्बर की तस्वीर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से दरबार साहिब के केंद्रीय अजायब घर में लगाई गई है। इसके साथ ही श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व हेड ग्रंथी भगवान सिंह की भी फोटो लगाई गई है। एसजीपीसी के प्रधान एडवोकेट हरजिदर सिंह धामी ने इन तस्वीरों से पर्दा उठाया। वहीं हिदू संगठनों ने दिलावर सिंह की तस्वीर लगाने पर विरोध जताया है। दरअसल, दिलावर सिंह बब्बर की तस्वीर लगाने पर सहमति पांच साल पहले वर्ष 2017 में बनी थी। उस समय पंजाब में शिरोमणि अकाली दल बादल और भाजपा गठबंधन की सरकार थी। 2017 में हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन हार गया और कांग्रेस की सरकार बन गई। उसके बाद यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया था।
दूसरी तरफ हिदू संगठन और एंटी टेरोरिस्ट फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने इसका विरोध किया है। उन्होंने कहा कि बब्बर खालसा के आतंकी दोबारा पंजाब की अमन-शांति भंग करने की साजिश रच रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इसका संज्ञान लेना चाहिए। शांडिल्य ने कहा कि आतंकियों की फोटो हरमंदिर साहिब परिसर में लगाने से वहां की पवित्रता भंग होगी। देश की एकता व अखंडता से प्यार करने वाले और सरदार बेअंत सिंह की सोच पर पहरा देने वाले लोगों की भावनाओं को भी इससे ठेस पहुंचेगी। अगर एसजीपीसी ने दिलावर सिंह बब्बर की तस्वीर नहीं हटाई तो उनका संगठन पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगा।
‘अमृतसर न्यूज़ अपडेटस” की व्हाट्सएप पर खबर पढ़ने के लिए ग्रुप ज्वाइन कर