
अमृतसर,13 मार्च(राजन):समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्यों में अहम भूमिका निभा रही महिलाओं को आज ‘सुषमा स्वराज अवॉर्ड’ से गुरुनगरी अमृतसर की 10 महिलाओं को सम्मानित किया गया। भाजपा महिला मोर्चा अमृतसर की अध्यक्षा श्रुति विज की अध्यक्षता में भाजपा कार्यालय, खन्ना स्मारक में हुए कार्यक्रम में पंजाब महिला मोर्चा भाजपा की उपाध्यक्ष श्रीमती अंबिका खन्ना व जिला भाजपा अध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू मुख्य अतिथि के रुप में शामिल हुए, जबकि डायरेक्टर ओएनजीसी रीना जेटली व प्रिंसिपल रमा महाजन ने विशेष अतिथि के रुप में शिरकत की। अंबिका खन्ना, हरविंदर सिंह संधू व श्रुति विज ने चयनित महिलाओं को अवार्ड से सम्मानित किया।श्रुति विज ने इस अवसर पर मुख्य अतिथि व अन्य का स्वागत करते हुए कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही महिलाओं का सम्मान होना इसलिए आवश्यक है, क्योंकि उन्हें प्रोत्साहन देना समय की जरूरत है और भाजपा की ओर से महान शख्सियत स्वर्गीय श्रीमती सुषमा स्वराज, जिन्होंने अपने जीवन को राष्ट्र को समर्पित किया, के नाम से यह अवार्ड शुरू कर उनके जीवन को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की है।
इनको मिले अवार्ड

सुषमा स्वराज अवार्ड पाने वालों में डॉ. विनय कपूर मेहरा, पूर्व वाईस चांसलर (नैशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ, कुरुक्षेत्र), डॉ. स्वराज ग्रोवर (रिटायर्ड प्रिंसीपल व प्रसिद्ध समाज सेविका), डॉ. रजनी डोगरा (प्रिंसीपल व समाज सेविका), रीना ठाकुर (प्रिंसिपल व समाज सेविका), प्रीति चौहान ( डायरेक्टर टेलीन रेमेडीज प्रा. लि. जो गरीब लोगों और पिंगलवाड़ा के मरीजों को फ्री दवाएं उपलब्ध करवाते हैं), आंचल महाजन, (प्रिंसिपल अशोक वाटिका स्कूल व समाज सेविका), इंदु अरोड़ा (एन.जी.ओ वॉइस ऑफ अमृतसर), एसएचओ राजविंदर कौर (इंचार्ज विमन सेल, टूटे घरेलू रिश्तों को जोड़ने का काम करती हैं), प्रीति (पिछले 27 वर्षों से जरूरतमंद बच्चों को पढ़ा रही हैं), नीलम शर्मा (अध्यक्ष एन.जी.ओ. शक्ति महिला सहायता केंद्र, सदस्य लोक अदालत) शामिल हैं।
मोदी सरकार की कबिनेट में 40 प्रतिशत से अधिक हैं महिलाएं कबिनेट मंत्री
अंबिका खन्ना ने इस अवसर संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। क्षेत्र चाहे कोई भी हो, महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर देश को बढ़ाने में दिन-रात प्रयासरत्त एवं प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से इस अवार्ड के माध्यम से उन महिलाओं को प्रोत्साहन दिया गया है जो समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही हैं। उन्होंने आशा प्रकट की कि वह इसी प्रकार आगे भी कार्य करती रहे और अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करें ताकि वह भी समाज सेवा में जुटें। आज केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में भी 40 प्रतिशत से ज्यादा कबिनेट मंत्री महिलाएं हैं, बिशेष कर देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू तथा देश की केन्द्रीय वित्तमंत्री भी श्रीमती सीतारमण भी महिला ही हैं। भाजपा का एक ही नारा है सबका साथ, सबका विश्वास तथा सबका विकास। इसी उद्देश्य को लेकर आज प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी के सटीक नेतृत्व में भारत में चौतरफा विकास किया जा रहा है।
महिलाओं के बिना किसी भी घर, समाज या देश का सृजन या विकास की कल्पना नहीं की जा सकती
हरविंदर सिंह संधू ने महिला मोर्चा अमृतसर की समूह टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी ओर से किया गया प्रयास बहुत ही सराहनीय है और अलग-अलग क्षेत्रों से चुनी गई महिलाओं को इस पुरस्कार से पुरस्कृत कर उनका मान बढ़ाया गया है, जो कि अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसमें महिलाओं को पूरा मान सम्मान दिया जाता है और महिलाएं भी भाजपा के साथ जुड़ कर गर्व महसूस करती हैं। महिलाओं के बिना किसी भी घर, समाज या देश के सृजन या विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।
इस अवसर पर पूनम, रिम्पी, डॉली, जनक जोशी, मोना ग्रोवर, नेहा अरोड़ा, लखबीर, सीमा, पुष्पा पिंकी, कविता, रीटा, नीतू आदि भी उपस्थित थीं।
‘अमृतसर न्यूज़ अपडेटस” की व्हाट्सएप पर खबर पढ़ने के लिए ग्रुप ज्वाइन करें