
अमृतसर, 23 जुलाई (राजन गुप्ता): गुरु नगरी अमृतसर की सड़कों का बुरा हाल है। सड़कों को बनवाने के लिए पिछले सात महीनो से नगर निगम टेंडरिंग प्रक्रिया कर रही है। लेकिन इसका कोई भी नतीजा नहीं निकल रहा है। निगम द्वारा शहर के पांचो विधानसभा क्षेत्र की सड़कों को बनवाने के लिए 24 जनवरी 2025 को लगभग 70 करोड़ रुपए के दो टेंडर जारी किए थे। इन दोनों टेंडरों की प्रक्रिया 17 मार्च 2025 को लगभग पूरी हो चुकी थी। इससे पहले 24 जनवरी को टेंडर जारी करने के उपरांत फरवरी महीने के अंत में टेंडर खोले गए थे। नगर निगम की टेंडर कमेटी द्वारा इन दोनों टेंडरों की टेक्निकल और फाइनेंशियल बिड वेट करके पंजाब सरकार के लोकल बॉडी विभाग की चीफ इंजीनियर कमेटी को भेज दिए गए थे। चीफ इंजीनियर कमेटी द्वारा भी इन दोनों टेंडरों को 17 मार्च 2025 को वेट करके ( मंजूरी देकर) नगर निगम अमृतसर को भेज दिया था। तब से लेकर आज तक यह दोनों टेंडर ठंडे बस्ते में पड़े हुए हैं। इन दोनों टेंडरों की सड़के बनवाने को लेकर पिछले तीन महीनो से पत्राचार ही चल रहा है। किंतु 3 महीने बीत जाने के बाद भी नतीजा कुछ नहीं निकल रहा है। जबकि लोकल बॉडी विभाग की चीफ इंजीनियर कमेटी से मंजूरी मिल जाने के उपरांत नगर निगम की वित्त एंड ठेका कमेटी इसे मंजूर करके वर्क आर्डर जारी कर सकती है। वर्क आर्डर जारी होते ही सड़के बनवाने का कार्य शुरू हो जाएगा।
श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी का 350वां शहीदी दिवस
श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी का 350वां शहीदी दिवस में 19 नवंबर से 25 नवंबर तक समागम करवाए जा रहे हैं। गुरु नगरी अमृतसर में करोड़ो की संख्या में श्रद्धालु श्री दरबार साहिब, गुरुद्वारा शाहिदा साहिब और गुरु धामों में नतमस्तक होने के लिए आएंगे। समागमो के दौरान नगर कीर्तन निकाले जाएंगे। देश विदेश से करोड़ों की संख्या में आने वाले श्रद्धालु शहर की टूटी हुई सड़कों को देखेंगे। शहर की जितनी सड़के टूटी हुई है, उनको बनवाने के लिए कम से कम 3 महीने लग जाएंगे। नगर निगम द्वारा कुछ टूटी हुई सड़कों का पैच वर्क किया जाता है। टूटी सड़कों का पैच वर्क करना कोई परमानेंट सॉल्यूशन नहीं है। क्योंकि पैच वर्क तो एक सप्ताह के भीतर ही टूट जाता है। पैच वर्क में लाखों रुपया फिजूल खर्ची भी होती है।
नगर निगम कमिश्नर, मेयर और ट्रस्ट चेयरमैन द्वारा किया गया पत्राचार
नगर निगम कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख, मेयर जितेंद्र सिंह मोती भाटिया और इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन करमजीत सिंह रिंटू द्वारा किया पत्राचार इस प्रकार है। निगम कमिश्नर औलख द्वारा 23 अप्रैल 2025 को एडिशनल चीफ सेक्रेटरी लोकल बॉडी विभाग को पत्र लिखकर कहा था कि शहर के विकास के लिए फंड मुहया करवाने के बारे में पहले से हो चुकी मीटिंग में अमृतसर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन द्वारा फंड जारी करने के लिए कहा गया था। किंतु अभी तक इंप्रूवमेंट ट्रस्ट से नगर निगम को फंड नहीं आए हैं। पत्र भी यह भी लिखा गया इंप्रूवमेंट ट्रस्ट अमृतसर द्वारा 69A के अंतर्गत विकास करवाने के लिए 45 करोड़ रूपयो की राशि नगर निगम को ट्रांसफर की जाए। इसी संदर्भ में नगर निगम मेयर जितेंद्र सिंह मोती भाटिया द्वारा भी इंप्रूवमेंट ट्रस्ट अमृतसर को पत्र जारी किया गया। इसके जवाब में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन करमजीत सिंह रिंटू द्वारा पत्र जारी करके कहा गया कि ट्रस्ट इस वक्त सड़के बनवाने के लिए नगर निगम को 23 करोड़ रूपयो की राशि जारी कर सकता है। शेष 22 करोड़ रुपए की राशि 1 महीने बाद जारी कर देगा। पत्राचार होने के बावजूद भी अभी तक यानी 23 जुलाई तक कोई भी नतीजा नहीं निकला है।
नगर निगम कमिश्नर द्वारा जारी किए गए पत्र की कॉपी।

नगर निगम मेयर द्वारा जारी किए गए पत्र की कॉपी ।

इंप्रूवमेंट ट्रस्ट अमृतसर के चेयरमैन द्वारा जारी किए गए पत्र की कॉपी।

क्या कहना है लोकल बॉडी मंत्री,निगम कमिश्नर और चेयरमैन इंप्रूवमेंट ट्रस्ट का
इस संदर्भ में ” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” द्वारा पंजाब सरकार के लोकल बॉडी मंत्री डॉ रवजोत सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि अमृतसर की सड़कों को बनवाने का कार्य आने वाले दिनों में शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने नगर निगम कमिश्नर, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन से बातचीत की है। उन्होंने कहा कि अमृतसर शहर के विधायकों के साथ भी उनकी इस संबंध में बातचीत हो चुकी है। निगम कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख ने कहा कि इंप्रूवमेंट ट्रस्ट चेयरमैन द्वारा जो पत्र मानयोग लोकल बॉडी मंत्री को जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि लोकल बॉडी विभाग के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी द्वारा जब आदेश आ जाएंगे तो सड़के बनवाने के लिए वर्क आर्डर जारी करने की प्रक्रिया शुरू करवा कर सड़के बनवाने का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन करमजीत सिंह रिंटू ने कहा कि ट्रस्ट नगर निगम को सड़कों को बनवाने के विकास कार्य के लिए 69A के तहत राशि दे रही है। यह कोई कर्ज नहीं है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य करवाने के लिए 69 ए के अधीन राशि नियम कानून के अनुसार ही दी जाएगी।
शहर की टूटी सड़कों का हाल



” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें