Breaking News

अमृतसर में सीमा पार से संचालित तस्करी मॉड्यूलों से जुड़े 6 व्यक्ति गिरफ्तार; तीन पीएक्स-5.7 सहित छह पिस्तौल बरामद

अमृतसर, 15 मार्च(राजन): अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह आधुनिक पिस्तौल और 3.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद कर सीमा पार से हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी के दो अलग-अलग मॉड्यूलों का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान करन सिंह (26), गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (22), राकेश उर्फ केशू (26), चमकौर सिंह उर्फ चमकौर (23) — चारों निवासी खेमकरण, जिला तरनतारन — तथा मख्खनदीन उर्फ मख्खन (22) निवासी नाग कलां, अमृतसर और जसबीर सिंह उर्फ बीरा उर्फ रघु (19) निवासी गांव मूलेचक्क , अमृतसर के रूप में हुई है।

बरामद किए गए हथियारों में तीन पीएक्स 5.7×28 एमएम टीआईएसएएस (तुर्की) पिस्तौल, दो .30 बोर और एक 9 एमएम पिस्तौल के अलावा 60 जिंदा कारतूस भी शामिल हैं। इस कार्रवाई में बरामद किए गए आधुनिक ऑटोमैटिक पीएक्स 5.7×28 एमएम टीआईएसएएस तुर्की सीरीज़ के पिस्तौल नवीनतम हथियार हैं और यह दुर्लभ बरामदगियों में से एक माने जाते हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों के पाकिस्तान-आधारित तस्करों से संबंधों का खुलासा हुआ है, जो ड्रोन के माध्यम से भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आरोपी सीमा पार के एक हैंडलर के अधीन काम कर रहे थे, जिससे संकेत मिलता है कि यह एक बड़ा संगठित तस्करी नेटवर्क हो सकता है।

डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए और जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके।

पुलिस कमिश्नर  (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गश्त और तलाशी के दौरान पुलिस टीमों ने मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों — करन सिंह और गुरप्रीत उर्फ गोपी — को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से दो टीआईएसएएस तुर्की पिस्तौल, मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। उन्होंने आगे बताया कि इन आरोपियों के खुलासे के बाद जांच के दौरान गोला-बारूद सहित एक और टीआईएसएएस तुर्की पिस्तौल और एक .30 बोर पिस्तौल बरामद की गई।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीकी गांवों से संबंधित हैं, जिससे सीमा पार से इन हथियारों की तस्करी में उन्हें मदद मिली। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने सप्लायर का खुलासा किया, जिसकी पहचान मख्खनदीन उर्फ मख्खन के रूप में हुई। बाद में उसे एक .30 बोर पिस्तौल, मैगजीन और गोला-बारूद सहित गिरफ्तार कर लिया गया।

सीपी ने बताया कि इसी तरह की एक अन्य कार्रवाई में पुलिस टीमों ने संदिग्ध राकेश उर्फ केशू और चमकौर सिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 200 ग्राम हेरोइन बरामद की। उनके खुलासे पर 800 ग्राम और हेरोइन बरामद की गई, जिससे इस मामले में हेरोइन की कुल बरामदगी 1 किलोग्राम हो गई।

उन्होंने कहा कि इस मामले में विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने आगे की कार्रवाई करते हुए जसबीर सिंह उर्फ बीरा उर्फ रघु को 2.5 किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं

थाना गेट हकीमा में आर्म्स एक्ट की धारा 25(8) के तहत एफआईआर नंबर 59 दिनांक 08-03-2026,
थाना छेहरटा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी और 21-बी के तहत एफआईआर नंबर 53 दिनांक 10-03-2026, और थाना वेरका में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी के तहत एफआईआर नंबर 27 दिनांक 08-03-2026 दर्ज की गई है। 

” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें

https://chat.whatsapp.com/D2aYY6rRIcJI0zIJlCcgvG

About amritsar news

Check Also

पुलिस ने 400 गुम मोबाइल खोज निकाले : CEIR पोर्टल से ट्रैक कर मालिकों को लौटाए

अमृतसर,10 मार्च: पुलिस ने लगभग 400 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *