
अमृतसर, 12 मई (राजन):श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को बड़े स्तर पर मनाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आज गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में श्री गुरु रविदास जी की वाणी और शिक्षाओं को समर्पित एक विशेष सेमिनार आयोजित किया गया।

सेमिनार को संबोधित करते हुए पंजाब के वित्त, योजना, कर एवं आबकारी तथा परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, “युवाओं को श्री गुरु रविदास जी द्वारा दिखाए गए ‘बेगमपुरा’ के संकल्प वाला भारत बनाने के लिए आगे आना चाहिए। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी द्वारा दिखाए गए समानता के सिद्धांतों के अनुसार कार्य कर रही है।”

हरपाल सिंह चीमा ने बताया, “पंजाब सरकार द्वारा खुरालगढ़ में श्री गुरु रविदास स्मारक का विस्तार किया जा रहा है तथा फरीदपुर गांव में श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र की स्थापना की जा रही है, जिसका कार्य बहुत जल्द शुरू होगा।”

हरपाल सिंह चीमा ने कहा, “ऐसे सेमिनारों का उद्देश्य विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में आध्यात्मिक वातावरण तैयार करना और विद्यार्थियों को गुरु रविदास जी के सामाजिक सुधार के संदेश से जोड़ना है।”
युवा पीढ़ी को संबोधित करते हुए संत गुरदीप गिरी जी ने कहा, “युवाओं को जात-पात और सामाजिक विभाजन से ऊपर उठकर श्री गुरु रविदास जी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलना चाहिए।”
कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा, “हम सभी को श्री गुरु रविदास जी द्वारा 650 वर्ष पहले दिए गए समानता और सभी को बराबर अवसर देने के सिद्धांतों को अपने व्यावहारिक जीवन में अपनाना चाहिए। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पंजाब सरकार द्वारा गुरु साहिब का संदेश विश्व स्तर पर फैलाने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “ऐसे सेमिनार और विचार-विमर्श युवा विद्यार्थियों के मन में आर्थिक असमानता, भेदभाव और सामाजिक अन्याय से जुड़े सवालों के जवाब देने में सहायक होंगे। जिस असमानता और भेदभाव के खिलाफ श्री गुरु रविदास जी ने 650 वर्ष पहले आवाज उठाई थी, उसकी जड़ें आज भी समाज में मौजूद हैं और युवाओं को सामाजिक समानता के लिए गुरु साहिब की शिक्षाओं पर चलना चाहिए।”
गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के पंजाबी अध्ययन विभाग के प्रमुख प्रो. मनजिंदर सिंह ने अपने मुख्य भाषण में कहा, “गुरु रविदास जी ने समाज के सबसे पिछड़े वर्गों को भी सम्मान और आत्मविश्वास प्रदान किया।”
इससे पहले गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. करमजीत सिंह ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और अन्य मेहमानों का स्वागत किया। सेमिनार को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को अपनाकर समाज से पाखंडवाद को समाप्त कर समानता पर आधारित समाज बनाया जा सकता है।”
इस अवसर पर पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा, “पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व बड़े स्तर पर मना रही है। राज्य के गांवों और वार्डों में डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे और विशाल शोभायात्राएं निकाली जाएंगी।”
समारोह के दौरान डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह, पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के वाइस चेयरमैन जसकरण सिंह बंदेशा, जिला योजना समिति के चेयरमैन गुरप्रताप सिंह संधू, एसडीएम अमृतसर-2 सरदार गुरमंदर सिंह, प्रो. रविंदर राजू, प्रो. बलजीत कौर रियाड़ सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अध्यापक उपस्थित थे। समारोह के अंत में आए हुए मेहमानों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News