
अमृतसर, 13 जुलाई(राजन): दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और नागरिक सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर तथा नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल और निगम अधिकारियों के साथ मीटिंग की । बैठक के दौरान नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने आश्वासन दिया कि नगर निगम दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के निवासियों को सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था और जनसेवाओं में और अधिक सुधार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी वार्डों से नियमित रूप से कचरा उठाना सुनिश्चित किया जाएगा तथा सफाई सेवाओं की प्रगति की निगरानी के लिए प्रत्येक दस दिन बाद फीडबैक एवं समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। पार्षदों से आग्रह किया गया कि वे सामाजिक लंगरों तथा अन्य सार्वजनिक आयोजनों के आयोजकों को कचरे के उचित प्रबंधन एवं वैज्ञानिक निस्तारण के प्रति जागरूक करने में सहयोग दें।
अधिकारियों ने बताया कि जहां-जहां ड्रेनेज चैंबरों की सफाई की जा रही है, वहां निकले हुए मलबे को भी तत्काल हटाया जाएगा ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। क्षेत्र में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में 15 अतिरिक्त मिनी-टिपर तैनात किए जाएंगे ।
नगर निगम ने दोहराया कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था ही मुख्य प्रणाली रहेगी तथा सार्वजनिक सड़कों पर कूड़ेदान नहीं लगाए जाएंगे। संकरी गलियों और ऐसे क्षेत्रों में, जहां बड़े वाहनों की पहुंच संभव नहीं है, वहां रिक्शों एवं अन्य उपयुक्त साधनों के माध्यम से प्रत्येक घर से कचरा एकत्र किया जाएगा। नगर निगम कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि यदि कंपनी अपने आवंटित क्षेत्र के सभी घरों से कचरा संग्रहित करने में विफल रहती है तो अनुबंध की शर्तों के अनुसार उसके भुगतान में आवश्यक कटौती की जाएगी।
विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने नगर निगम द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए जनप्रतिनिधियों, सफाई कर्मचारियों तथा कन्सेशनर कंपनी के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से मिलकर कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि इससे लोगों को समयबद्ध एवं प्रभावी नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
बैठक में एमओएच डॉ. योगेश अरोड़ा, मुख्य सेनेटरी अधिकारी जे.पी. बब्बर, सीएसआई रमन, संबंधित सेनेटरी इंस्पेक्टर,थ्री आर वेस्टटेक प्राइवेट लिमिटेड के कंपनी प्रबंधक राजीव अरोड़ा तथा नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News