
अमृतसर, 24 जुलाई :पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने नगर निगम के सहयोग से “हर शुक्रवार डेंगू पर वार” अभियान के तहत एंटी-लार्वा गतिविधियों, फॉगिंग, स्प्रे तथा जन-जागरूकता के लिए टीमों को रवाना किया। इन टीमों ने शहर के विभिन्न डेंगू हॉटस्पॉट क्षेत्रों का दौरा कर लोगों को जागरूक किया, फॉगिंग और स्प्रे की तथा जहां भी मच्छरों का लार्वा पाया गया, उसे मौके पर ही नष्ट किया गया।
इस अवसर पर पुलिस लाइन क्षेत्र में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ. रश्मि विज ने कहा कि बरसात के मौसम में कई स्थानों पर पानी का जमा होना स्वाभाविक है, लेकिन यही जमा हुआ पानी मच्छरों के प्रजनन का मुख्य कारण बनता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह मच्छरों की उत्पत्ति को रोकने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करे तथा “हर शुक्रवार डेंगू पर वार” अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाए।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि प्रत्येक शुक्रवार अपने घरों में कूलर, फ्रिज की ट्रे, गमलों, पानी की टंकियों, छत पर पड़े अनुपयोगी सामान तथा अन्य पात्रों में पानी जमा न होने दें। उन्होंने कहा कि डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय मच्छरों की उत्पत्ति को रोकना है। इसके साथ ही पूरी बाजू के कपड़े पहनें तथा मच्छर भगाने वाली क्रीम एवं अन्य सुरक्षा उपायों का उपयोग करें।
इस संबंध में जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ. हरजोत कौर ने बताया कि डेंगू एक वायरल बुखार है, जो एडीज़ एजिप्टी (Aedes aegypti) मच्छर के काटने से फैलता है। इसके प्रमुख लक्षण तेज बुखार, तेज सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द, उल्टी तथा नाक, मुंह या मसूड़ों से खून आना हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में डेंगू के लक्षण दिखाई दें तो वह तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर निःशुल्क जांच एवं उपचार करवाए।
इससे पूर्व जिला एम.ई.आई.ओ. अमरदीप सिंह ने लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक किया तथा पोस्टर एवं पंपलेट वितरित किए।
इस अवसर पर सहायक मलेरिया अधिकारी गुरदेव सिंह, एसआई सुखदेव सिंह, हरविंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, आई.सी. हरमीत सिंह, बिक्रमजीत सिंह, संजीव कुमार, कुलदीप सिंह, रणजोध सिंह, फील्ड वर्कर तथा ब्रीडिंग चेकर उपस्थित रहे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News