
अमृतसर, 25 जुलाई(राजन): डिप्टी कमिश्नर अमृतसर दलविंदरजीत सिंह ने आज प्रशासनिक अधिकारियों, ड्रेनेज विभाग तथा पंजाब मंडी बोर्ड के अधिकारियों के साथ रावी नदी एवं सक्की नाले से सटे संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर बाढ़ रोकथाम संबंधी प्रबंधों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सीमा क्षेत्र में स्थित बी.एस.एफ. की सीमा चौकियों बी.ओ.पी. धर्म प्रकाश तथा शाहपुर में बनाए जा रहे स्परों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को युद्ध स्तर पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
डीसी ने रावी नदी तथा सक्की नाले के जलस्तर का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि रावी नदी का जल अपनी निर्धारित सीमा के भीतर बह रहा है तथा जिले में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों जम्मू क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों में हुई भारी वर्षा के कारण उज्ज नदी के माध्यम से अतिरिक्त पानी रावी नदी में पहुंचा था, जिससे जलस्तर में कुछ वृद्धि हुई थी, लेकिन वर्तमान समय में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि सक्की नाले तथा ब्यास नदी का जलस्तर भी सुरक्षित सीमा के भीतर है।

दलविंदरजीत सिंह ने पंजाब मंडी बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण संपर्क सड़कों पर बनी सभी पुलियों की तत्काल सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि वर्षा का पानी प्राकृतिक रूप से बिना किसी बाधा के बह सके। इसके साथ ही उन्होंने ड्रेनेज विभाग के अधिकारियों को सभी नालों में पानी की निर्बाध निकासी सुनिश्चित करने तथा लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
डिप्टी कमिश्नर ने जिले के लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि रावी नदी एवं सक्की नाले की स्थिति पर जिला प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है तथा बाढ़ का कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन अमृतसर रणजीत सागर बांध प्रबंधन तथा उज्ज बैराज के अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में है और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) पल्लवी मिश्रा, एस.डी.एम. अजनाला चारुमिता, जिला राजस्व अधिकारी नवकीरत सिंह रंधावा सहित ड्रेनेज विभाग, पंजाब मंडी बोर्ड तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News