
अमृतसर,27 जुलाई (राजन): पंजाब के डीजीपी गौरव यादव द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी में, बॉर्डर पार से गैर-कानूनी हथियार और नारकोटिक्स की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। डीजीपी ने कहा कि चार आरोपियों को पकड़ा है, और पांच एडवांस पिस्टल, 2.015 Kg हेरोइन, और ₹5 लाख ड्रग मनी बरामद की है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बिट्टू कुमार उर्फ भैया (20), निवासी नई आबादी, अमृतसर; साहिब सिंह (21), निवासी गांव धगाणा तथा वर्तमान निवासी फतेह सिंह कॉलोनी, अमृतसर; संजीव कुमार उर्फ नन्नू (22), निवासी पिंक कॉलोनी, तरनतारन तथा संदीप कुमार उर्फ सन्नी (22), निवासी गांव छिद्दां, अमृतसर के रूप में हुई है।

इस अभियान की जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने पहले आरोपी बिट्टू उर्फ भैया और साहिब सिंह को एक पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया। बाद में उनकी निशानदेही पर दो और पिस्तौल बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित गतिविधियों में भी शामिल थे। आरोपियों के खुलासे के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने दो अन्य आरोपियों संजीव कुमार उर्फ नन्नू और संदीप उर्फ सन्नी को 2.015 किलोग्राम हेरोइन तथा 5 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने आगे बताया कि आगे की जांच के दौरान आरोपी संदीप उर्फ सन्नी के खुलासे के आधार पर पुलिस टीमों ने दो और पिस्तौल बरामद किए।
सीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बिट्टू उर्फ भैया आर्म्स एक्ट और चोरी से संबंधित कई आपराधिक मामलों में वांछित है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी युवा हैं।
इस संबंध में थाना सदर अमृतसर में एफआईआर संख्या 156, दिनांक 21.07.2026, आर्म्स एक्ट की धाराओं 25(1बी) एवं 24(6,7,8) तथा एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21-सी, 27-ए और 29 के तहत दर्ज की गई है।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News