
अमृतसर,27 जुलाई (राजन):डीएवी कॉलेज जालंधर में पंजाब एंड चंडीगढ़ कॉलेज टीचर्स यूनियन के 69वें आम अधिवेशन के दौरान पंजाब और चंडीगढ़ के 136 एडेड कॉलेजों के शिक्षकों ने नई कार्यकारिणी का गठन करने के बाद अपनी लंबित माँगों की पूर्ति के लिए प्रांतीय स्तर पर तीखा संघर्ष छेड़ने की घोषणा की। वर्ष 2026-28 के लिए नई कार्यकारिणी के गठन हेतु बुलाए गए आम अधिवेशन के दौरान सभी शिक्षकों ने सर्वसम्मति से प्रो. सुरजीत सिंह धालीवाल को पीसीसीटीयू की कार्यकारिणी समिति का अध्यक्ष और प्रो. बी.बी. यादव को महासचिव चुना।
कार्यक्रम का आगाज संगठन की वर्तमान अध्यक्ष डॉ. सीमा जेटली द्वारा सभी जुझारू शिक्षकों का स्वागत करते हुए उन्हें एकजुट होकर अपने हितों की रक्षा करने का संदेश देने के साथ हुआ। इसके बाद वर्तमान महासचिव डॉ. बहादुर सिंह ने 2024-26 के दौरान पीसीसीटीयू की समग्र गतिविधियों और उपलब्धियों का लेखा-जोखा पेश करते हुए अपनी वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और वित्त सचिव डॉ. भूपिंदर सिंह ने संगठन के वित्तीय लेन-देन का हिसाब-किताब कार्यकारिणी समिति के समक्ष रखा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएवी जालंधर के प्राचार्य डॉ. अनूप कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में की।
इस मौके पर महासचिव डॉ. बहादुर सिंह ने पीसीसीटीयू की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रांतीय सरकार के बेहद अड़ियल और शिक्षक विरोधी रवैये के बावजूद यूनियन 7वें वेतन आयोग को एडेड और अनएडेड शिक्षकों पर समानता से लागू करवाने, 7वें वेतन आयोग के एरियर्स का भुगतान करवाने, 140 शिक्षकों को कानूनी जीत दिलाने में बहुमूल्य सहयोग के अलावा उन्होंने नियमित वेतन का भुगतान करवाने, रिफ्रेशर और ओरिएंटेशन कोर्सों में छूट दिलाने, राष्ट्रीय शिक्षक संगठन एआईफैक्टो का 33वाँ राष्ट्रीय सम्मेलन सफलतापूर्वक आयोजित करवाने और अपने दो बड़े शिक्षक नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में प्रतिष्ठित पद दिलाकर राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक संघर्ष में अग्रणी भूमिका निभाने वाली स्थिति में पहुँची है।
महासचिव डॉ बी बी यादव ने कवर्ड और अनकवर्ड शिक्षकों पर 7वें वेतन आयोग को समानता से लागू करवाने पर जोर दिया। 75 प्रतिशत अनुदान को 95 प्रतिशत अनुदान के रूप में पुनः बहाल करवाना, अनकवर्ड पदों को 95 प्रतिशत कवर्ड पदों में परिवर्तित करवाना और नए शिक्षकों के पदों की भर्ती पर लगी रोक हटवाने संबंधी सभी को एकजुटता के साथ संघर्ष छेड़ने का आह्वान किया।
पीसीसीटीयू के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह ढालीवाल ने इस अवसर पर आम अधिवेशन के दौरान विभिन्न कॉलेजों के शिक्षकों के मुद्दों संबंधी सवालों के जवाब देते हुए कहा कि हमारा संगठन शिक्षकों की सभी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी सहृदयता से प्रयास कर रहा है और अन्य लंबित मुद्दों को भी जल्द ही हल करवाने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर वर्ष 2026-2028 के लिए नई कार्यकारिणी के चुनाव के तहत प्रो. राजेश खत्री उपाध्यक्ष, वित्त सचिव प्रो. ललित कुमार, प्रो. अशमीन कौर क्षेत्रीय सचिव गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, प्रो. रमन शर्मा क्षेत्रीय सचिव पंजाब विश्वविद्यालय, डॉ. सरवजीत सिंह भाटिया क्षेत्रीय सचिव पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला को पदाधिकारियों के रूप में सर्वसम्मति से चुना गया।
नवगठित कार्यकारिणी में प्रो. विनय सोफत, प्रो. बहादुर सिंह, प्रो. जगदीप कुमार, प्रो. भूपिंदर सिंह, प्रो. रोहित कुमार, प्रो. वरुण गोयल, प्रो. गुरप्रीत सिंह, प्रो. विकास कुमार, प्रो. अदिति जैन, प्रो. एस.एस. बैंस और प्रो. संजीव धवन को सर्वसम्मति से कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। इस अवसर पर हाल ही में अचानक चले गए खालसा कॉलेज चविंडा देवी, अमृतसर के शिक्षक के साथ-साथ अन्य दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि दी गई।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News