
अमृतसर, 28 जुलाई : पुलिस ने 15 वर्षीय नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को थाना गेट हकीमा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 351 (3) (5) के तहत मामला दर्ज किया गया था।डीसीपी (लॉ एंड ऑर्डर) आलम विजय सिंह ने बताया कि मृतका के भाई सूजल सहोता ने शिकायत दी थी कि उसकी 15 वर्षीय बहन की उसके मौसा वनीत कुमार उर्फ सनी और उसके 2 साथियों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने सूजल सहोता और उसकी बहन को जालंधर से अपने घर बुलाया था। जब दोनों ने आर्थिक परेशानी के कारण आने में असमर्थता जताई, तो आरोपी ने उन्हें 2 हजार रुपए गूगल पे के माध्यम से भेजे। इसके बाद दोनों अमृतसर स्थित आरोपी के घर पहुंचे।
सोना और अंगूठियां चोरी करने का आरोप लगाया
घर पहुंचने पर आरोपी ने नाबालिग लड़की पर सोना और अंगूठियां चोरी करने का आरोप लगाया। इसके बाद वह उसे पहली मंजिल पर बने कमरे में ले गया, दरवाजा बंद किया और डंडे से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। लड़की की चीखें सुनकर उसका भाई और उसकी मासी दरवाजा खुलवाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आरोपी ने दरवाजा नहीं खोला। इसी दौरान आरोपी ने अपने 2 परिचितों को भी बुला लिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने भी कमरे में जाकर लड़की के साथ मारपीट की। कुछ देर बाद जब दरवाजा खोला गया तो लड़की बिना कपड़ों के कमरे में पड़ी थी और उसके शरीर पर डंडों से मारपीट के गहरे निशान थे। मौसी ने उसे कपड़े पहनाए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
डंडा बरामद, 2 आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की और मुख्य आरोपी वनीत कुमार उर्फ सनी को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल डंडा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के दो अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार.छापेमारी की जा रही है।
पहले भी दर्ज है एनडीपीएस का मामला
पुलिस के अनुसार, 36 वर्षीय आरोपी 12वीं पास है, फाइनेंस का काम करता है और वर्ष 2018 में उसके खिलाफ थाना सी-डिवीजन, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि फरार दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News