
अमृतसर,26 सितंबर:अमृतसर में ASI जसवंत सिंह को चलती बाइक पर गोली मारने वाले 19 साल के शूटर करणबीर नंदी को पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। आरोपी करणबीर सिंह कुछ दिन पहले ही पुलिस हिरासत से भाग गया था। तब से पुलिस को उसकी तलाश थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश कर रही पुलिस टीम ने उसे अमृतसर देहात के इलाके में घेरा तो कंडोवालिया इलाके में उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
इस दौरान 2 पुलिस मुलाजिमों को गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी करणबीर जख्मी हो गया। अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। पुलिस के साथ मुठभेड़ में दोनों तरफ से 14 राउंड फायरिंग हुई। आरोपी ने ASI जसवंत सिंह पर गोली चलाई थी। हालांकि, वह बाल-बाल बच गए थे। गोली उनकी पगड़ी को भेदकर सिर को छूती हुई गई थी।
आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी
बॉर्डर रेंज के आईजी गुरप्रीत भुल्लर ने कहा कि आज, शनिवार को थाना झंडेर के SHO को गुप्त सूचना मिली कि कुख्यात अपराधी और फरार आरोपी करणबीर सिंह उर्फ नंदी, पुत्र सुखविंदर सिंह, निवासी झंजोटी, थाना राजा सांसी, इलाके में घूम रहा है और किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर थाना झंडेर और सीआईए स्टाफ की संयुक्त टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए रवाना की गईं। आईजी ने बताया- पुलिस टीम जब थाना झंडेर क्षेत्र में ड्रेन के पास मौजूद थी, तभी करणबीर सिंह उर्फ नंदी मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। आरोपी ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और पांच गोलियां चलाईं।
दो हेड कांस्टेबल को गोली लगी
आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया- इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी पांच राउंड फायर किए। इस दौरान हेड कांस्टेबल मनदीप सिंह के सीने पर गोली लगी, लेकिन वह बुलेटप्रूफ जैकेट पहने हुए थे, जिससे उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। वहीं हेड कांस्टेबल अमृतपाल सिंह के पैर में गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के दौरान आरोपी की हुई मौत
आईजी भुल्लर ने बताया कि पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान करणबीर सिंह उर्फ नंदी के पैर और सीने में भी गोली लग गई। इससे वह जख्मी होकर वहीं गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे काबू किया और अपनी सरकारी गाड़ी से सिविल अस्पताल अजनाला पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक ग्लॉक 9mm पिस्टल, एक . 30 बोर पिस्तौल और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मामले की आगे जांच जारी है।
करणबीर सिंह के खिलाफ पहले से मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, करणबीर सिंह के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज थे। थाना घरिंडा में उस पर FIR नंबर 56/2025 दर्ज हुई थी, जब वह नाबालिग था और बाद में उसे जमानत मिल गई थी। इसके अलावा FIR नंबर 214/2026 थाना राजा सांसी में वह ASI जसवंत सिंह पर गोली चलाने की घटना में आरोपी था। पुलिस के अनुसार, हथियारों की बरामदगी के लिए ले जाते समय वह पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। इस संबंध में थाना मजीठा में FIR नंबर 161/2026 दर्ज की गई थी।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News