महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए 28 सितंबर तक चलेगा मेला

अमृतसर, 26 सितंबर(राजन):पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत जिला प्रशासन अमृतसर द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से रंजीत एवेन्यू स्थित दशहरा ग्राउंड में आज ‘पंजाब सखी शक्ति मेला’ शुरू हो गया है। मेले का उद्घाटन आज शाम पंजाब के लोक निर्माण मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) पल्लवी मिश्रा तथा आदित्य शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल), तरनतारन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टालों का दौरा किया और महिला उद्यमियों तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले महिलाओं को अपने हुनर और उद्यमशीलता का प्रदर्शन करने के साथ-साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए एक बेहतर मंच प्रदान करते हैं।

मेले के दौरान प्रसिद्ध पंजाबी लोक गायक कंवर ग्रेवाल ने अपनी सुरीली गायकी से खूब समां बांधा और दर्शकों का मनोरंजन किया। मेले में पहुंचे लोगों ने उनकी शानदार प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।
उल्लेखनीय है कि 26 से 28 सितंबर तक चलने वाला यह मेला प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। मेले में महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और हुनरमंद महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पाद, हस्तशिल्प, कपड़े, सजावटी सामान, खाद्य पदार्थ और अन्य घरेलू उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं तथा बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त पल्लवी मिश्रा ने बताया कि इस मेले के माध्यम से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों की मार्केटिंग, ब्रांडिंग और नए ग्राहकों के साथ सीधे संपर्क स्थापित करने का अवसर मिल रहा है। इसके अतिरिक्त, महिलाओं को सरकार की स्व-रोजगार, कौशल विकास और कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि 28 सितंबर को शाम 5 बजे मंडेर ब्रदर्स अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। मेले में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जा रही हैं। परिवारों और बच्चों के लिए झूले, मनोरंजक गतिविधियां और विभिन्न प्रकार के खान-पान के स्टाल भी मेले के विशेष आकर्षण हैं।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News