
अमृतसर 25 फरवरी( राजन): ग्वाल मंडी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के कारण आप वॉलिंटियर ने गोली मारकर अपने पड़ोसी को जख्मी करने का मामला आया है। जानकारी के अनुसार आज शाम कार की पार्किंग को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। फिलहाल घायल को एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। उधर, कैंटोनमेंट थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।
इंद्रजीत ने खोल रखा है पार्टी का दफ्तर
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ग्वालमंडी निवासी साजन कुमार उर्फ सिकंदर (27) इलाके में ही कार वॉशिंग की दुकान चलाता है। उसकी दुकान के पास ही आम आदमी पार्टी के वॉलंटियर इंद्रजीत सिंह ने आम आदमी पार्टी का दफ्तर खोल रखा है। रोजाना इस दफ्तर में सैकड़ों लोगों का आना-जाना लगा रहता है। कार वॉशिंग की दुकान होने के कारण दोनों दुकानों के बाहर अकसर वाहनों की लंबी कतार भी लग जाती है।कभी कार वॉशिंग करते समय पानी की छींटे भी पार्टी दफ्तर में आने वाले लोगों पर पड़ती हैं। साजन कुमार उर्फ सिकंदर के परिवार के सदस्यों ने बताया कि इस बात को लेकर दोनों में अकसर विवाद होता रहता है। कुछ दिन पहले भी झगड़ा काफी बढ़ गया था। लेकिन बाद में आस पड़ोस के लोगों ने बीच बचाव कर दोनों में समझौता करवा दिया था। परिवार के लोगों ने आरोप लगाया कि इंद्रजीत सिंह झगड़े के बीच अपने विधायक रिश्तेदार की धौंस देता था और सबक सिखाने की भी धमकियां दे रहा था।
पार्किंग को लेकर हुआ विवाद
परिवार के लोगों ने बताया कि रविवार की शाम भी कार की पार्किंग को लेकर दोनों में जमकर विवाद होने लगा। जैसे ही एक कार दोनों दुकानों के बाहर आकर रुकी तो इंद्रजीत सिंह ने साजन कुमार उर्फ सिकंदर के साथ गाली गलौज करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों में हाथापाई शुरू हो गई और इंद्रजीत सिंह ने डब से पिस्तौल निकालकर सिकंदर को गोली मार दी। खून से लथपथ सिकंदर बाजार में गिर गया और आरोपित इंद्रजीत सिंह घटना स्थल से अपने पिस्तौल सहित फरार हो गया।
इंद्रजीत से कोई नाता नहीं
उधर, विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू ने घटना को लेकर आलोचना की है। उन्होंने कहा कि इंद्रजीत पार्टी में बतौर वालंटियर है। उससे कोई रिश्ता नहीं है। कानून हाथ में लेने वाले का कोई लिहाज नहीं है। पुलिस अपनी कार्रवाई करे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News